प्रशांत अंबष्ठ
बेरमो (बोकारो)। गोमिया प्रखंड के ललपनिया में हुई सड़क दुर्घटना में तीन युवक घायल हो गये। सभी फुसरो के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार अभय कौशल, छोटू एवं संतोष कुमार बुलेट मोटरसाइकिल से ललपनिया घूमने आए थे। तीनों बाइक से लौट रहे थे। अचानक छरछरिया के निकट एक ऑटो सामने आ गया। इसके कारण बाइक अनियंत्रित होकर छरछरिया धाम के पास लगी बोर्ड में जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बगल में बने चेक डैम में एक लड़का जाकर गिर गया। दो लड़के रोड पर ही गिर गए। चेक डैम में गिरा लड़का काफी देर तक पानी में ही पड़ा रहा। उसी रास्ते जा रहे एक वाहन चालक ने तीनों घायलों को देखा। फिर उन्हें उठाकर गोमिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक इलाज किया। दो की हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। एक युवक छोटू खतरे से बाहर बताया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन और उनके जान पहचान के लोग अस्पताल में पहुंचे। उन्हें तुरंत बाहर ले गये।