कृषि कानूनों के विरोध में राज्य स्तरीय किसान कन्वेंशन 12 सितंबर को रांची में

झारखंड
Spread the love

रांची। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति की झारखंड इकाई के तत्‍वावधान में कृषि कानूनों के खिलाफ राज्य स्तरीय किसान कन्वेंशन 12 सितंबर को रांची में होगा। मौके पर 27 सितंबर को भारत बंद को सफल बनाने की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही, झारखंड में किसान आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए प्रखंड स्तर तक के कार्यक्रम बनाए जाएंगे।

अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव महेंद्र पाठक, अखिल भारतीय किसान महासभा के सचिव पूरन महतो, एआईकेएस के प्रदेश सचिव सुजीत सिन्हा, किसान संग्राम समिति के सचिव राजेंद्र गोप ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीनों कृषि कानून के विरोध में दिल्ली के बॉर्डर पर लाखों किसान 9 महीने से बैठे हुए हैं। हालांकि सरकार किसी की नहीं सुन रही है। किसान आंदोलन को बदनाम करने और हटाने के हर हथकंडे अपना रही है। अब तक 600 से अधिक किसान शहीद हो चुके हैं। सारे सरकारी तंत्र को इस्तेमाल किया, बावजूद किसान आंदोलन में डटे हुए हैं। जब तक ये कि‍सान विरोधी कानून की वापसी नहीं होगी, आंदोलनकारियों की घर वापसी नहीं होगी।

संगठन के पदधारियों ने कहा कि दिल्ली के समर्थन में झारखंड में भी लगातार आंदोलन चलता रहा है। इसलिए 27 सितंबर को भारत बंद को सफल बनाने के लिए 12 सितंबर, 2021 को रांची के एसडीसी सभागार में राज्य स्तरीय किसान कन्वेंशन का आयोजन किया गया है। उसमें 27 सितंबर को भारत बंद को सफल बनाने और झारखंड में किसान आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए राज्य से लेकर प्रखंड स्तर तक के कार्यक्रम बनाए जाएंगे।

पदधारियों ने बताया कि अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष सह हजारीबाग के पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, कार्यकारी अध्यक्ष केडी सिंह, अखिल भारतीय किसान महासभा के महासचिव राजाराम सिह, एआईकेएस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कृष्णा प्रसाद, महिला आयोग के पूर्व सदस्य वासवी किड़ो, सामाजिक कार्यकर्ता दयामणि बारला, सीटू के प्रदेश अध्यक्ष मिथिलेश सिंह, महासचिव प्रकाश विप्लव, एक्टू के महासचिव शुभेंदु सेन, यूनाइटेड कॉल वर्कर्स यूनियन के महासचिव लखनलाल महतो, एटक के उप महासचिव अशोक यादव, बोकारो इस्पात कामगार यूनियन के महासचिव पीके पांडे, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आफताब आलम खान, कर्णपुरा बचाओ आंदोलन के नेता मिथिलेश दांगी सहित राष्ट्रीय एवं राज्यस्तर के कई अतिथि एवं वक्ता कन्वेंशन में भाग लेंगे।