हेमंत सरकार ने नमाज के लिए खोला दरवाजा, मंदिर का पट बंद, भाजपा तेज करेगी आंदोलन : अध्‍यक्ष

झारखंड
Spread the love

तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ प्रदेश भर में भाजपा ने किया पुतला दहन

रांची। हेमंत सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार ने साजिश के तहत एक तरफ मंदिर में पूजा पर रोक लगा रखी है, दूसरी ओर एक विशेष समुदाय को खुश करने के लिए विधानसभा भवन में नमाज अदा करने के लिए कक्ष आवंटित कर तुष्टिकरण की राजनीति को आगे बढ़ाया है। तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ पार्टी आंदोलन और भी तेज करेगी। सभी जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन, विधानसभा का घेराव करेगी। विधानसभा लोकतंत्र की मंदिर है, जिसे हेमंत सरकार ने तुष्टिकरण की राजनीति कर अपमानित किया है।

27 सांगठनिक जिला मुख्यालयों में पुतला दहन

हेमंत सरकार की तुष्टिकरण राजनीति के खिलाफ 27 सांगठनिक जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष का पुतला दहन किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदधारी उपस्थित रहे। रांची महानगर में हरमू चौक पर रांची महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया। इसमे सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

बहुसंख्‍यक समाज पर हमले बोल रही है

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्‍होंने कहा कि हेमंत सरकार लगातार बहुसंख्यक समाज पर हमले बोल रही है। वोट बैंक की राजनीति में मर्यादा भुलाकर तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। सरकार के फैसले से जनता में गुस्सा है। इस फैसले को यथाशिघ्र वापस ले अन्यथा झारखंड की जनता सड़कों पर उतरने को विवश होगी।

विफलता छिपाने के लिए तुष्टिकरण भरे निर्णय महामंत्री ने कहा कि विधानसभा राज्य की सर्वोच्च पंचायत है। लोकतंत्र का मंदिर है, जिसे हेमंत सरकार तुष्टिकरण का केंद्र बना रही है। अपनी विफलताओं को छिपाने के लिये हेमंत सरकार तुष्टिकरण से भरे निर्णय लगातार ले रही है। यह फैसला पूरी तरह असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक निर्णय है।