महीने में एक बार होगी कांग्रेस जिला समिति की विस्तारित बैठक

झारखंड
Spread the love

  • टीम भावना से संगठन की मजबूती के लिए मेहनत करें : अध्‍यक्ष

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक 11 सितंबर को हुई। इसमें कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो और शहजादा अनवर भी उपस्थित थे। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि‍ महीने में एक बार जिला समिति की विस्तारित बैठक आवश्यक रूप से की जाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हमें टीम भावना से पूरी मेहनत और कर्त्तव्यनिष्ठा के साथ संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए दिन-रात एक करके काम करना पड़ेगा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी एवं झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह का निर्देश है कि कार्यकर्ताओं की सुननी है। कार्यकर्ता की मेहनत का प्रतिफल है कि प्रदेश में कांग्रेस के मजबूत सहयोग के साथ सरकार चल रही है। हमारी दोहरी जिम्मेवारी बनती है, एक तरफ सरकार द्वारा जनहित में चलायी जा रही योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता को मिले, इसकी भी निगरानी करनी है। साथ ही, सांगठनिक स्तर पर पार्टी की विचारधारा के साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का प्रयास करना है। मेरा प्रयास होगा कि सम्बद्ध जिलों में सरकारी कार्यक्रमों में अधिकारियों द्वारा जिलाध्यक्षों को उचित सम्मान मिले। जिलाध्यक्षों की सहमति से हीं पार्टी में लोगों को जोड़ा जायेगा। पार्टी गतिविधियों की जानकारी और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद की दृष्टिकोण से हमें सोशल मीडिया प्लेटफार्म का भी खुलकर उपयोग करना चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी का अपना बैंक खाता होना चाहिए। इसके लिए जिलाध्यक्ष कार्रवाई करें।

कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि एक समय था, जब जिलाध्यक्षों के पीछे विधायक- सांसद घूमते थे। हमें संगठन को वापस उसी बुलंदी पर पहुंचाना है। इस बात का विशेष ख्याल रहे कि संगठन में एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का माहौल नहीं बनें। कार्यक्रम का आयोजन में प्राथमिकता उसी स्थान को मिले, जहां से संगठन को मजबूती मिलेगी। हमें उस लोकोक्ति पैर रखकर चादर फैलाने को सत्य बनाना है।

कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि मन के हारे हार, मन के जीते जीत। आप जिला के अध्यक्ष है, आपको एक्शन में आने की जरूरत है। थोड़ा नरम, थोड़ा गरम के सिद्धांत को अपनाकर संगठन के माध्यम से जनहित के कामों को धरातल पर उतारना है।

कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि आप लोग भी जिले के कप्तान हैं। हम सभी एक हीं नाव के सवार हैं, जिसके खेवनहार राजेश ठाकुर हैं। उन्हें ताकत देने की जरूरत है। ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस पार्टी गंभीर है। इसे लागू करने की दिशा में सरकारी प्रयास में गति देने के लिए कृत-संकल्पित हैं। इस बात से आप जिले के लोगों को अवगत कराएं।

कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो ने कहा कि सारी चीजें सरकार के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती है। जिलाध्यक्षों की सीधे जवाबदेही जनता के प्रति है। जनहित के मुद्दों अगर सरकार का निर्णय भी प्रतिकूल हो, तो संगठन उसके खिलाफ भी मुखर होगी।

कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में अनुभवी नेताओं की नई टीम बनायी है। उनके नेतृत्व में एक नया अध्याय लिखा जायेगा। राहुल गांधी जिस गंभीरता से केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ मुखरता से संघर्ष कर रहे हैं, उसी गंभीरता से हमें भी जन मुद्दों के सवालों को लेकर आवाज उठाने की जरूरत है।

सभी जिलाध्यक्षों द्वारा संगठन की अधतन स्थिति से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराते हुए जिला एवं प्रखंड अध्यक्षों की सूची को सौंपी गई। जिला संगठन द्वारा विगत दिनों किये गए विस्तृत प्रतिवेदन भी प्रदेश कमेटी भी जिलाध्यक्षों को सौंपा गया। जिले में चल रहे सदस्यता अभियान भी विचार मंथन किया गया। अभियान को गति देने की बात कही गयी।

बैठक में जिलाध्यक्षों में सुरेश बैठा, संजय पांडेय, साबिर खान, सुखेर भगत, रोशन बरवा, अनूप केशरी, रामकृष्ण चौधरी, अवधेश कुमार सिंह, नरेश वर्मा, प्रमोद कुमार दूबे, मुन्ना पासवान, कमाल शहजादा, ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, शंकर प्रजापति, रवीन्द्र कुमार वर्मा, मंजूर अंसारी, मनोज सहाय पिंकू, जैश रंजन पाठक उर्फ बिटटू, अरविन्द कुमार तूफानी, मुनेश्वर उरांव, विजय खां, अम्बर राय चौधरी, के रंजन बोयपाई, छोटेराय किस्कु, श्यामल किशोर सिंह, अनुकूल चन्द्र मिश्रा, दिनेश यादव, मुन्नम संजय एवं उदय लखमानी उपस्थित थे। धन्यवाद कार्यालय प्रभारी अमूल्य नीरज खलखो ने किया। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, शमशेर आलम, राकेश सिन्हा, डॉ एम तौसीफ, कुमार राजा एवं डॉ राकेश किरण महतो भी उपस्थित थे।