देश भर में चलाया जाएगा एयर गन सरेंडर अभियान

अन्य राज्य देश
Spread the love

  • अरुणाचल प्रदेश के कई लोगों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष एयर गन किए सरेंडर

ईंटानगर। केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने लोगों से पशु-पक्षियों का शिकार नहीं करने की अपील की। उन्‍होंने कहा कि देश भर में एयर गन सरेंडर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में सेवानिवृत्त वनकर्मी, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों, इत्‍यादि को जोड़कर इसे गति प्रदान की जाएगी। 

चौबे ने अरुणाचल सरकार के एयर गन सरेंडर अभियान को पशु एवं पक्षियों को अवैध शिकार से बचाने और उनके संरक्षण की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इस अभियान के लिए अरुणाचल प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री मामा नटुंग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के परिणाम अत्‍यंत सकारात्मक रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि देश भर में यह अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए राज्यों से भी अनुरोध किया जाएगा। मंत्री ईटानगर में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। वहां अरुणाचल प्रदेश के कुछ लोगों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष अपने एयर गन सरेंडर किए।

एयर गन के लिए किसी लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती है। अत: ऐसी स्थिति में हमारे देश में हर जिले और गांव में अनगिनत लोग एयर गन के जरिए पक्षियों का शिकार करते रहते हैं। इस वजह से अनेक पक्षियों की संख्या बड़ी तेजी से घट रही है। चौबे ने ईटानगर जैविक उद्यान का भी निरीक्षण किया, जो दुनिया का पहला हूलोक गिब्बन प्रजनन केंद्र है। इसके साथ ही इस प्रजाति को बचाने के लिए किए जा रहे ठोस कार्यों की समीक्षा की।