पति के 39 लाख रुपये हड़पकर पत्नी प्रेमी के साथ हो गयी फरार, जानें आगे क्या हुआ

अपराध बिहार
Spread the love

पटना। पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना मंगलवार को पटना के बिहटा में घटी है। यहां पत्नी, पति की जमा पूंजी बटोरकर प्रेमी संग फरार हो गई। पति ने बिहटा थाने में पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

बता दें कि बिहटा के कौड़िया निवासी ब्रज किशोर सिंह की शादी 14 वर्ष पूर्व भोजपुर के बरहरा थाने के बिंद गांव की प्रभावती देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद ब्रज किशोर सिंह के दो बच्चे हुए। गांव में खेती-बारी से बाल बच्चों की पढ़ाई अच्छी नहीं होने के कारण ब्रजकिशोर सिंह काम धंधे की तलाश में गुजरात चले गए। इस बीच उनकी पत्नी प्रभा देवी अपने दो बच्चों के साथ बिहटा में एक किराए के मकान में रहने लगी। इस बीच कुछ दिन पूर्व ब्रजकिशोर सिंह ने अपने गांव के खेत को बेचकर 39 लाख रुपए अपनी पत्नी के अकाउंट में डाल दिये।

यह सोचकर कि उन पैसों से दूसरी जगह जमीन या मकान लेकर वह अपने बच्चों और पत्नी के साथ खुशी-खुशी जीवन बसर करेंगे। नए मकान की तलाश में ब्रजकिशोर सिंह 2 दिन पहले गुजरात से बिहटा गांव पहुंचे। उन्होंने देखा कि मकान में बाहर से ताला बंद है और उनकी पत्नी भी घर पर नहीं है। मकान मालिक से बात करने पर उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी प्रभावती देवी अपने एक बच्चे को लेकर सुबह फरार हो गई है। काफी खोजबीन के बाद भी जब प्रभादेवी और उनके बच्चों का कोई अता-पता नहीं चला, तब उन्होंने इस बात की सूचना बिहटा थाने को दी।

अनुसंधानकर्ता राजेश्वर पंडित ने बताया कि छानबीन के क्रम में यह खुलासा हुआ है कि प्रभावती देवी का किसी दूसरे से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पति की अनुपस्थिति में प्रभावती देवी उससे संबंध बनाए रखती थी। प्रभावती देवी ने 26 लाख रुपए डेहरी निवासी एक व्यक्ति के अकाउंट में ट्रांसफर किया है, जबकि 13 लाख रुपए चेक द्वारा निकालने के सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं। प्रभावती देवी ने अपने अकाउंट में महज 11 रुपये छोड़कर सभी पैसे की निकासी की है।