जमशेदपुर। झारखंड में अपराधी बेखौफ हो गए हैं और वीकेंड लॉकडाउन में घटना को अंजाम देकर दहशत फैला रहे हैं। पुलिस की तमाम कोशिश के बावजूद अपराध का ग्राफ राज्य में बढ़ता ही जा रहा है।
जमशेदपुर के कपाली थाना क्षेत्र के हंसाडूंगरी में शनिवार की रात अपराधियों ने ढाबा मालिक शमीम अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी। शमीम अहमद झारखंड स्कूल वाहन एसोसिएशन के अध्यक्ष भी थे। इनकी हत्या से इलाके में सनसनी फैल गयी है।
बता दें कि शमीम अहमद को ढाबा के पास गोली मारी गई। मृतक के भाई ने बताया ढाबा से कुछ दूरी पर अपराधियों ने गोली मारी है, जिससे वारदात सीसीटीवी में कैद नहीं हो पायी।
जमशेदपुर में ढाबा मालिक की हत्या के बाद कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। अपराधी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनौती देते नजर आ रहे हैं।
जिसकी धमक जमशेदपुर में देखने को मिली, जहां अपराधियों का बढ़ा मनोबल देखने को मिला। अपराधी गोली मारकर आसानी से फरार हो जा रहे हैं।