बरसात में पानी-पानी हो गया फुसरो ढूंढ रहा जनप्रतिनिधि को

झारखंड
Spread the love

  • जगह-जगह सड़क में बन गए गड्ढे, घर और दुकानों में घुसा पानी

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। मानसून सक्रिय है। बारिश लगातार हो रही है। फुसरो बाजार में जगह-जगह सड़क में गड्ढे बन गए हैं। नालियां जाम है। घर और दुकानों में पानी घुस गया है। जनता परेशान हैं। फुसरो पानी-पानी हो गया है। अब जनता पूछने लगी है कि हमारे जनप्रतिनिधि कहां है।

फुसरो बाजार के ओवर ब्रिज के पास और निर्मल चौक के समीप सड़क में जानलेवा गड्ढे हो गए हैं। अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो परिसर में पानी भरा है। मरीज पानी में होकर जाने अस्पताल जाने को विवश हैं। सड़कों के किनारे नालियां जाम है। जमा कचरे से दुर्गंध फैल रही है। चंद कदमों की दूरी पर फुसरो नगर परिषद और बेरमो प्रखंड कार्यालय है। सफाई के नाम पर पुरस्‍कार लेने वाला फुसरो नगर परिषद अपना दायित्व भी पूरी तरह से नहीं निभा रहा है। लोग पानी से परेशान हैं। सड़क चलने लायक नहीं है। जनजीवन अस्त व्यस्त है। सफाई के नाम पर नगर परिषद हर साल करोड़ों रुपये खर्च करता है।

आर उनेश

फुसरो युवा व्यवसाई संघ के अध्यक्ष आर उनेश कहते हैं कि नगर परिषद विकास के नाम पर अपनी पीठ थपथपा रहा है। फुसरो बाजार में जहां फाइबर ब्लॉक की जरूरत है, वहां नहीं बिछाया जा रहा है। सभी वार्डों में नाली, सड़क और पानी का पाइप बिछाया जा रहा है। निर्माण कार्य में क्वालिटी मेंटेन नहीं किया जा रहा है। अधूरी नाली में छोटे-छोटे जानवर और बच्चे गिर रहे हैं। ढाई करोड़ से नगर क्षेत्र में दस सामुदायिक शौचालय बनाया जा रहा है, जिसमें अब तक मात्र तीन शौचालय का ही निर्माण पूरा हो सका है। नगर विकास विभाग विकास के लिए परिषद को पर्याप्‍त राशि दे रहा है, लेकिन राशि खर्च नहीं हो पा रही है।

वह कहते हैं कि रहीमगंज, बाटागली, पटेल चौक और जवाहर नगर कॉलोनी के घर में वर्षा का पानी घुस रहा है। बरसात में हर साल घर डूबने से जनता परेशान है। मुख्य नाला निर्माण के लिए आया 50 लाख रुपये नगर परिषद में पड़ा हुआ है। सीसीएल ढोरी एवं बीएंडके क्षेत्र से नगर परिषद द्वारा हर साल करोड़ों रुपये होल्डिंग टैक्स वसूले जा रहा है। इसके बाद भी पूरे नगर क्षेत्र में ठीक से सफाई भी नहीं हो रहा है। नगर परिषद से फुसरो की जनता परेशान है।