लोहरदगा से कोरबा नई रेल लाइन का चल रहा सर्वेक्षण, जल्‍द होगा निर्णय

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। लोहरदगा से कोरबा भाया गुमला नई रेल लाइन के लिए सर्वेक्षण चल रहा है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा। यह जानकारी रेल मंत्री पियूष गोयल ने स्‍थानीय सांसद सुदर्शन भगत को दी है।

भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी पशुपति नाथ पारस ने बताया कि सांसद ने 15 और 16 मार्च, 2021 को लोकसभा में रेल की अनुदान मांग पर चर्चा के दौरान लोहरदगा से गुमला, जसपुर, कोरबा नई रेल लाइन का मुद्दा उठाया था। उस मामले में कार्रवाई की गई है। वर्ष 2010-11 में लोहरदगा और कोरबा के बीच नई रेल लाइन के लिए सर्वेक्षण पूरा किया गया था। उस समय इस परियोजना को गैर अर्थक्षम पाया गया था। रेलवे में चालू परियोजनाओं की लंबी सूची और धन की सीमित उपलब्धता को देखते हुए इस गैर अर्थक्षम परियोजना को आगे नहीं बढ़ा जा सका था।

रेल मंत्री ने सांसद को लिखे पत्र में कहा है कि वर्ष 2018 में लोहरदगा से कोरबा भाया गुमला एक नया सर्वेक्षण स्वीकृति किया गया था। इस संबंध में सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है। सर्वेक्षण रिपोर्ट की जांच के बाद जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।

सांसद ने कहा है कि लोहरदगा कोरबा लाइन को लेकर लगातार संसद में प्रयासरत हैं। जल्द ही इसकी समस्या खत्म होगी। जनता की मांगों को पूरा करना हमारा पहला कर्तव्य है। इस रेल लाइन के शुरू हो जाने से हमारे क्षेत्र को आर्थिक लाभ भी प्राप्त होंगे। एक राज्य से दूसरे राज्य को भी इसका लाभ प्राप्त होगा, जो देश हित में होगा।