राज्य में हरियाली बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी : हेमंत सोरेन

झारखंड
Spread the love

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रांची के कांके रोड स्थित अपने आवासीय परिसर में वृक्षारोपण किया। मौके पर मुख्यमंत्री ने आम के पौधे लगाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हम लोगों ने पौधरोपण किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को पर्यावरण संतुलन में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। पर्यावरण की सुरक्षा मनुष्य जीवन से जुड़ा विषय है। पर्यावरण का संरक्षण हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हाल में राज्य में हरियाली बनाए रखने की आवश्यकता है। हमें आने वाली भावी पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए पर्यावरण को सुरक्षित करने का संकल्प आज लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य को और अधिक गहरा करने के लिए प्रेरित करता है। मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव एल खियांग्ते, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का ने भी पौधरोपण किया गया। मौके पर बेरमो विधायक अनूप सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, रांची उपायुक्त छवि रंजन, रांची डीएफओ अशोक कुमार दुबे, पीसीसीएफ पीके वर्मा, मुख्यमंत्री के वरीय आप्त सचिव सुनील श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।