धनबाद। कमरे से खून रिस रहा था। खिड़की से अंदर का नजारा देखकर आसपास के लोग भौचक रह गये। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस आकर कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। मामले की जांच में जुटी है।
यह मामला झारखंड के धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र के गांधी नगर का है। यहां एक कमरे में चार लोगों का शव मिला। मृतकों में गृह स्वामी वीरेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव (45) का शव पड़ा था। पलंग से कुछ दूर जमीन पर पत्नी मीना देवी (35), पुत्र रोहित यादव (14) और सौतेले पुत्र राहुल (22) गिरा मिला। पुलिस को यहां से दो धारदार हथियार भी मिले।
सोमवार की अहले सुबह घर के कमरे से खून रिसता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। आशंका जाहिर की जा रही है कि बेटे ने अपनी मां, सौतेले पिता और भाई की धारधार हथियार से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद का गला काट कर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। मामले की जांच में जुटी है कि आखिर इन लोगों की हत्या क्यों की गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक मुन्ना यादव मिक्चर कारखाने में काम करता था। उसने मीना देवी से दूसरी शादी की थी। सौतेला पुत्र राहुल बाहर रहता था। वह एक माह पहले ही घर लौटा था। आसपास के लोगों का कहना था कि राहुल के घर आने के बाद से ही किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। रोजाना विवाद होता था।
घटना की सूचना पर सिटी एसपी आर रामकुमार और धनसार थाना प्रभारी जयराम प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना देर रात की है। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर अंदर से बंद था। कमरे में चार लाश पड़ी थी। प्रथम दृष्टया जांच से गृह स्वामी मुन्ना यादव के सौतेले पुत्र राहुल यादव द्वारा घटना को अंजाम दिया जाना प्रतीत हो रहा है। उसके शव के ठीक बगल से दो खंजर बरामद किये गये है। जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।