पलामू। झारखंड में मौसम ने करवट ले लिया है। ऐसे में आपका अपना न्यूज पोर्टल दैनिक भारत 24. कॉम लोगों को सतर्क कर रहा है। बार-बार अलर्ट जारी कर लोगों से सावधान रहने और सुरक्षित जगह में शरण लेने की अपील कर रहा है।
साफ शब्दों में बारिश के दौरान पेड़ के नीचे नहीं रहने की सलाह दे रहा है। मौसम विभाग की मानें, तो अभी एक-दो दिन मौसम का मिजाज ऐसे ही रहेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
आज (गुरुवार) राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्के दर्जे की मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई। इस दौरान वज्रपात भी हुआ। पलामू में वज्रपात के कारण दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर झुलस गए, उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र के तेंदुआ कला गांव की है।
जानकारी के मुताबिक चार मजदूर आहर में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम का रुख बदल गया और बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए चारों मजदूर पेड़ के नीचे छुप गए। इसी बीच वे वज्रपात की चपेट में आ गए। घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो झुलस कर घायल हो गए हैं।
घटना गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे की बताई जा रही है। इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में चारों मजदूरों को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो लोगों का इलाज चल रहा है। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।