अब केंद्र जाने की जरूरत नहीं, घर के नजदीक होगा टीकाकरण

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • कम से कम 20 लोग होने आवश्यक
  • नंबर 7546028221 पर करें कॉल
  • 45+ और 18+ का होगा टीकाकरण

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में रहने वालों को अब टीकाकरण के लिए केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं है। उन्‍हें घर के नजदीक टीका लगाने की व्‍यवस्‍था की गई है। कोविड-19 से बचाव के लिए झारखंड सरकार के विशेष चलंत टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रांची के जवाहर नगर क्लब परिसर से 28 मई को इसकी शुरुआत की। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दो कोविड-19 सुरक्षा वाहनों को रवाना किया।

मील का पत्थर साबित होगा

विशेष चलंत टीकाकरण अभियान की शुरुआत पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य के लिए आज का दिन मील का पत्थर साबित होगा। अब जन जन के द्वार तक पहुंचकर वैक्सीनेशन का कार्य किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 विभीषिका के विरुद्ध यह शंखनाद है। स्वस्थ समृद्ध और उन्नत राज्य की कल्पना के लिए सरकार काम कर रही है। जैसे-जैसे राज्य सरकार को वैक्सीन प्राप्त हो रहा है, तेज गति से टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है।

कंट्रोल रूम में करें कॉल

कोविड-19 सुरक्षा वाहनों द्वारा टीकाकरण का लाभ लेने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 7546028221 पर कॉल करना होगा।

20 लोग होने पर वैक्सीनेशन

मोबाइल वैक्सीनेशन का लाभ लेने के लिए किसी भी स्थान पर 20 लोग होने आवश्यक है। कम से कम 20 लोग होने पर कंट्रोल रूम नंबर 7546028221 पर कॉल कर इसकी जानकारी देनी होगी। इसके बाद संबंधित स्थान पर पहुंचकर वैक्सीनेशन का कार्य किया जाएगा।

ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन होगा

रांची में मोबाइल वैक्सीनेशन के माध्यम से 45 वर्ष से अधिक और 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था होगी। कोविड-19 सुरक्षा वाहनों से टीकाकरण के लिए 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।

अभियान शुरू करने पर ये मौजूद

इस दौरान विकास आयुक्त अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, राज्य टीकाकरण के नोडल पदाधिकारी डोडे अंजनेयुलू, रांची उपायुक्त छवि रंजन, उप विकास आयुक्त रांची विशाल सागर, एसी नक्सल रांची रामवृक्ष महतो, सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार, सीसीएल के निदेशक तकनीकी-संचालन वीके श्रीवास्‍तव, सीएमएस डॉ डीएलके चौहान, डॉ रत्‍नेस चौहान, डॉ आरके सिंह, जनसंपर्क प्रमुख अनुपम कुमार राणा एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।