पूर्वी सिंहभूम के किसानों को बांटा जाएगा 1000 क्विंटल धान बीज

कृषि झारखंड
Spread the love

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के किसानों के बीच 1000 क्विंटल धान बीज बांटा जाएगा। बीज पर उन्‍हें 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। यानी तय कीमत से आधी राशि देनी होगी। बीज का वितरण होने लगा है। जमशेदपुर प्रखंड के गुरमा लैम्पस से जुगसलाई विधायक मंगल कालिन्दी ने शनिवार को किसान शिवंशकर विसुई, जयप्रकाश विसुई एवं दुखीराम मुर्मू को बीज देकर इसकी शुरुआत की।

इस अवसर पर 11 किसानों को धान बीज प्रभेद एमटीयू-7029 का वितरण कोविड के दिशानिर्देश का पालन करते हुए किया गया। किसान शिवंशकर विसुई, जयप्रकाश विसुई एवं दुखीराम मुर्मू ने कहा कि इस वर्ष खरीफ मौसम के पूर्व ही धान बीज मिलने से हमलोग काफी खुश हैं। किसानों को कोरोना जैसी विपदा में सरकार की तरफ से अनुदान पर बीज मिलने से छींटा एवं बुआई का कार्य ससमय कर सकेंगे।

इस अवसर पर विधायक के साथ हरिपद सिंह, रूस धीवर, धीरज पटनायक एवं समीर पात्र उपस्थित थे। मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार कालिन्दी, आत्मा के उप परियोजना निदेशक गीता कुमारी, प्रभारी प्रखंड तकनीकी प्रबंधक अनिता कुमारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक शशि‍कला कुमारी भी मौजूद थे।

चाकुलिया लैम्पस में 17 किसानों के बीच धान बीज प्रभेद एमटीयू-7029 का वितरण किया गया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जगन्नाथ महतो, विधायक प्रतिनिधि राकेश मांहती, मुखिया-सह- झामुमो प्रखंड अध्यक्ष साहेबराम मांडी, चाकुलिया प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल उरांव, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी बंसत कुमार राय, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक बोधादित्य हांसदा एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक हिरनमय महतो उपस्थित थे।

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कृषि विभाग से पूर्वी सिंहभूम जिला को 1000 क्विंटल धान बीज का आवंटन मिला है। इसका विभिन्न लैम्पसों के माध्यम से वितरण किया जायेगा। कृषक अपने प्रखंड के BAO, BTM या ATM से आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर अनुशंसा के साथ अपने नजदीकी लैम्पस में जाकर आधार कार्ड, मोबाईल संख्‍या एवं भूधारण से संबंधित कागजात की छायाप्रति लेकर जाकर धान बीज खरीद सकते हैं। इस दौरान कोविड-19 के दिशानिर्देश का पालन करना होगा।