ग्रामीणों का ऑक्‍सीजन लेवल जांच कर डाटा बेस किया जा रहा है तैयार

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकरो। उपायुक्‍त राजेश सिंह के निर्देश पर जिले के गांवों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर आंगनबाड़ी सेविका, सहिया एवं महिला समूह की महिलाएं सक्रिय हो गयी है। सुदूरवर्ती गांवों में जाकर महिला व पुरूष का ऑक्सीजन लेवल की जांच ऑक्सीमीटर से कर रही है। ग्रामीणों के डाटा बेस की जानकारी भी दर्ज कर रही है। यह अभियान 5 जून, 2021 चलेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। उपायुक्त द्वारा आंगनबाड़ी सेविका, सहिया एवं महिला समूह के सदस्यों को पल्स ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराया गया है। लोगों को कोविड नियमों के पालन, वैक्सिनेशन से जुड़ी जानकारी का व्यापाक प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है। गोमिया प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी अंचल अधिकारी कपिल कुमार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ हलन बारला की देखरेख में यह हो रहा है।

कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर आंगनबाड़ी सेविका, सहिया एवं महिला समूह की महिलाएं कोरोना के लक्षण वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार कर रही है। ग्रामीणों को कोरोना के लक्षण के बारे जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक कर रही है। लक्षण दिखने पर अविलम्ब कोरोना जांच कराने की सलाह दे रही है।

आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं महिला समूह की महिलाएं ग्रामीणों को कोरोना का टीका लेने के लिए भी जागरूक कर रही है। कोरोना से बचाव को लेकर सामाजिक दूरी रखने, मास्क लगाने, हाथों को सेनि‍टाइज करने समेत अन्य कई महत्वपूर्ण जानकारी भी दे रही है।