प्रसव के लिए महिला को लेकर पहुंचा परिवार, बंद था उप स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। प्रसव के लिए महिला को लेकर परिवार के लोग ओपा उप स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र पहुंचे। वहां ताला लटका था। परिवार वालों ने सहिया से संपर्क कर उसे कुड़ू भेजा।

स्‍थानीय ग्रामीणों के मुताबिक जिले के कुडू प्रखंड की ग्राम पंचायत सुंदरू का ओपा उप स्वास्थ्य केंद्र कई दिनों से बंद है। इसकी वजह से पंचायत सुंदरू के आसपास के सभी गांव के लोग परेशान हैं। ओपा की एक महिला को उसके परिवार द्वारा प्रसव के लिए उप स्वास्थ केंद्र लाया गया। केंद्र बंद पड़ा था।

इसके बाद परिवार वालों ने विश्रामगढ़ की स्वास्थ्य सहिया रेखा देवी से संपर्क किया। रेखा तुरंत ममता वाहन लेकर पहुंची। कुछ ही देर में प्रखंड प्रमुख परीवा मुंडा और सुंदरू पंचायत के मुखिया सुशील उरांव ओपा पहुंचे। प्रखंड प्रमुख द्वारा कुड़ू स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी से बात कर महिला को प्रसव के लिए वहां भेजा गया।

ग्रामीणों ने बताया कि सरकार की ओर से प्रसव के लिए उप स्वास्थ केंद्र में सारा सुविधा उपलब्‍ध कराई गई है। इसके बाद भी यहां के लोगों को कोसों दूर जाना पड़ रहा है। ओपा के ग्रामीण द्वारा बार-बार शिकायत की गई है कि एएनएम सुचिता बखाला कभी भी नहीं आती है। कभी आती भी है तो किसी को मालूम नहीं होता। यहां पदस्‍थापित डॉक्टर कभी नहीं आते हैं। इसके बाद भी हालात अब तक नहीं सुधरे हैं।