Jharkhand के कई जिलों में तबाही मचा सकता है चक्रवाती तूफान, इन ज‍िलों में पड़ेगा अध‍िक असर

झारखंड मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

रांची। चक्रवाती तूफान ‘यास’ का झारखंड में तबाही मचा सकता है। इसकी वजह से कल से राज्‍य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने वाली है। कुछ जगहों में 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इसे लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के मद्देनजर लोग सतर्क और सावधान रहें।

26 मई की स्थिति

पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां आदि जिलों में कई जगहों पर अति बारिश हो सकती है। गुमला, खूंटी, रांची में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बोकारो, रामगढ़ और लोहरदगा में भारी होने की उम्‍मीद है।

पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं दोपहर में 40 से 60 किलोमीटर प्रति‍घंटा की गति से हवा चलेगी। देर शाम और रात में इसकी गति बढ़कर औसतर 90 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। इसके 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाने के संकेत हैं। राज्‍य के दक्षिणी-‍पश्चिमी भागों में औसतन 70 से 80 किलोमीटर और अधिकतम 90 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है। राज्‍य के शेष भागों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने का अनुमान है।

27 मई की स्थिति

रांची, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बर्षा होने की संभावना है।

रामगढ़, हजारीबाग, चतरा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज जिलों में कहीं-कहीं तेज गति से हवा चलेगी। इसकी गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। शेष हिस्‍सों में 40 से 70 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी।

28 मई की स्थिति

गुमला, लोहरदगा, लातेहार जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है।

गढ़वा और पलामू जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात हो सकता है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चलेगी। शेष हिस्‍सों में हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्र‍ति घंटा रहने की संभावना है।

29 मई की स्थिति

राज्‍य में कहीं-कहीं हल्‍के से मध्‍यम दर्जे की गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवा चल सकती है। हवा की गति औसतन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है।