सदर अस्पताल के उपाधीक्षक पद से हटाई गई डॉ रेणु भारती

झारखंड
Spread the love

  • जिला यक्ष्मा पदाधिकारी को सौंपा गया उपाधीक्षक पद का अतिरिक्त दायित्व

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। दिन प्रतिदिन कोरोना-19 के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर बोकारो सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस दौरान उपाधीक्षक डॉ रेणु भारती के लगातार लापरवाही बरतने और कार्यों में रुचि नहीं लेने कारण उपायुक्त राजेश सिंह ने उन्‍हें उपाधीक्षक पद से मुक्त कर दिया। उनके स्थान पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ एनपी सिंह को बोकारो सदर अस्पताल का उपाधीक्षक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

अस्पताल में अव्यवस्था का माहौल भी देखा

उपायुक्त ने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी चास शशिप्रकाश सिंह द्वारा बोकारो सदर अस्पताल का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा अस्पताल में अव्यवस्था का माहौल भी देखा। इसकी लिखित शिकायत उपायुक्त को किया गया था। इस संदर्भ में उपायुक्त द्वारा डॉ भारती से स्पष्टीकरण पूछा गया था। उक्त स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके आलोक में उपायुक्त ने उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार पाठक को आदेश दिया कि डॉ रेणु भारती से अपने स्तर से कोविड-19 के अन्य कार्यों का संचालन कराएंगे। 

डॉ रेणु भारती अस्पताल समय से नहीं आती थीं

उपायुक्त ने बताया कि बोकारो सदर अस्पताल कोरोना के संक्रमण के समय प्रमुख अस्पताल है। इसके बावजूद यहां मरीजों की देखरेख से लेकर उनके भर्ती करने और अन्य काम में लगातार शिकायत मिल रही थी। पता चला था कि डॉ रेणु भारती स्वयं अस्पताल समय से नहीं आती थीं। इस वजह से अस्पताल के चिकित्सक व अन्य पारा कर्मी भी लापरवाह हो गए थे। कई लोगों द्वारा पूर्व में शिकायत भी की गई थी कि वे अपने कार्यो को ठीक से नही करती हैं।