खेल के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है राज्य सरकार : मुख्यमंत्री

खेल झारखंड
Spread the love

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले दिनों राज्य सरकार ने झारखंड के खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति दी है। झारखंड में खेल और खिलाड़ियों को आगे ले जाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। खेल के प्रति उत्साह और उमंग इस प्रदेश में विगत कुछ वर्षों से चरम पर है। हमारी सरकार खेल के क्षेत्र में बेहतर काम कर रही है। आज यहां देश के 28 राज्यों से पहुंचे वुशु खिलाड़ियों का उत्साह देखकर खुशी हो रही है। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने 22 मार्च को ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम खेलगांव में झारखंड वुशु एसोसिएशन द्वारा आयोजित 20वीं सब जूनियर नेशनल वुशु चैंपियनशिप के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।

विश्व में राज्य और देश का नाम रोशन किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्रदेश में कई ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम रोशन किया है। राज्य सरकार सभी खेलों को प्रोत्साहित कर राज्य के खिलाड़ियों को एक प्लेटफार्म देने का काम कर रही है। पिछले दिनों राज्य में सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप का भी आयोजन हुआ था। आज यहां सब जूनियर बुशु चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है यह देख कर खुशी हो रही है कि देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागी झारखंड पहुंच कर अपने प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर कांके विधायक समरी लाल, खेल सचिव श्रीमती पूजा सिंघल सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारी, झारखंडी वुशु एसोसिएशन के पदाधिकारी, देश के 28 राज्यों से पहुंचे प्रतिभागी एवं उनके कोच उपस्थित थे।