Jharkhand : लगातार दो दिन वज्रपात की आशंका, जानें कहां पड़ेगा प्रभाव

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड के विभिन्न जिलों में लगातार तीन दिन बारिश होगी। दो दिन वज्रपात होने की आशंका है। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में कोई बड़े बदलाव की उम्‍मीद नहीं है। गुरुवार और शुक्रवार को मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। आसमान साफ रहेगा। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने 17 मार्च को जारी बुलेटिन में दी है। हवा के रूख के कारण मौसम में बदलाव होने की संभावना है।

मौसम केंद्र के मुताबिक 20 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य भागों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं वज्रपात होने की भी आशंका है। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों पड़ सकता है।

केंद्र के मुताबिक 21 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिम, दक्षिणी और मध्य भागों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों में कहीं-कहीं पड़ सकता है। इस दिन राज्य में कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात होने की भी आशंका है।

केंद्र के मुताबिक 22 मार्च को आकाश में आंशिक बादल छाये रहेंगे। कहीं-कहीं हल्‍की बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान बोकारो में 17.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया।