रांची। बंगाल चुनाव के कारण झारखंड के 10 जिलों में ड्राई डे घोषित किया गया है। इस बाबत उत्पाद सचिव सह आयुक्त विनय कुमार चौबे ने उन जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखा है। इसमें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव, 2021 में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से मतदान कराने के लिए मतदान एवं मतगणना के दिन शुष्क दिवस (Dry Day) घोषित करने का निर्देश दिया है।
सचिव ने रांची, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, साहेबगंज, सरायकेला-खरसावां, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा के उपायुक्तोंम को ड्राई डे घोषित करने का निर्देश दिया है। सचिव ने कहा है कि पश्चिम बंगाल राज्य की सीमावर्ती झारखंड के जिलों में मतदान की समाप्ति से 48 घंटे पूर्व से मतदान की समाप्ति तक और मतगणना के दिन को शुष्क दिवस घोषित किया जाने का निर्देश है।
उक्त आलोक में पश्चिम बंगाल राज्य की सीमावर्ती झारखंड के जिलों में मतदान की समाप्ति से 48 घंटे पूर्व से मतदान की समाप्ति तक और मतगणना के दिवस को शुष्क दिवस घोषित किया जाय। ड्राई डे 25 मार्च, 2021 के अपराह्न 6.30 बजे से 27 मार्च, 2021 के अपराह्न 6.30 बजे तक जारी रहेगा। मतगणना के दिन यानी 2 मई, 2021 को भी जिला में ड्राई डे रहेगा। उपर्युक्त अवधि में किसी भी प्रकार की शराब की आपूर्ति और वितरण पर पाबंदी होगी।