रांची, धनबाद और जमशेदपुर के लिए तैयार हो रही सिटी बस की योजना

झारखंड
Spread the love

  • रांची के लिए  Metro-Neo प्रोजेक्ट का प्रस्ताव भेजेगी राज्‍य सरकार
  • केंद्रीय सचिव ने नगर विकास विभाग के अफसरों संग की बैठक
  • झारखंड में चल रही केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

रांची। दुनिया में शहरी आबादी तेज गति से बढ़ रही है। भारत में अगले तीन दशक में शहरी आबादी दोगुनी हो जाएगी। बढ़ती आबादी को देखते हुए हमें शहरीकरण की दिशा में तेज गति से प्रयास करने होंगे। उक्‍त बातें 5 फरवरी, 2021 को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों के साथ केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कही। उन्होंनें यह भी कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती सबसे ज्यादा शहरीकरण से संभव है। समीक्षा के दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंनें कहा कि मिशन द्वारा संचालित योजनाओं में झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में हमेशा से रहा है। इसे बरकरार रखते हुए क्रियान्वयन की गति में तेजी लाने की जरूरत है। इस मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड के सचिव विनय कुमार चौबे ने राज्य में शहरी जरूरत, निकायों की संख्या और विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। कहा कि हम लगातार सभी योजनाओं की क्लोज मॉनिटरिंग कर रहे हैं। हमारी कोशिश है कि निकाय स्तर से लेकर सरकार के स्तर तक योजनाओं के क्रियान्वय में कोई विलंब नहीं हो।

योजनाओं की समीक्षा की

नगरीय प्रशासन निदेशालय की निदेशक विजया जाधव ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए उपरोक्त सभी योजनाओं की प्रगति की जानकारी केंद्रीय सचिव को दी। केंद्रीय सचिव ने सुझाव दिया कि झारखंड में लाइट हाउस प्रोजेक्ट को समय पर पूरा कराएं, ताकि दूसरे प्रदेश के लिए यह एक मॉडल बनें। यह प्रोजेक्ट झारखंड में जिस तकनीकी से बन रहा है, वह दुनिया की सबसे लेटेस्ट तकनीकी है। उन्होंनें प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के विभिन्न घटकों की प्रगति पर संतोष जताया। कार्य में थोड़ी और तेजी लाने का निर्देश दिया। विभागीय सचिव विनय कुमार चौबे ने आश्वस्त किया कि लाइट हाउस प्रोजेक्ट समय पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंनें पीएम आवास योजना में भी और गति लाने का आश्वसन दिया। केंद्रीय सचिव नें कहा कि पीएम स्वनिधि‍ योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को स्वीगी और जोमैटो से जोड़ने का प्रयास होना चाहिए।

अमृत,स्वच्छ भारत मिशन योजना

केंद्रीय सचिव ने अमृत योजना के तहत झारखंड के सात शहरों में चल रही योजना की भी समीक्षा की। राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार ने अमृत योजना और स्वच्छ भारत मिशन योजना की विस्तृत जानकारी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए दी। इस क्रम में सचिव नें कहा कि अमृत और स्वच्छ भारत मिशन में आप काफी बेहतर कर रहे हैं, पर जरुरी है कि कुछ और शहरों को स्वच्छता रैंकिंग में ODF++ की सूची में लाएं। इसके साथ ही राज्य स्तरीय रैंकिंग बरकरार रहे, इसे लेकर साफ सफाई की दिशा में इसी तरह प्रयास करते रहें। विभागीय सचिव और सूडा निदेशक की ओर से 15वें वित्त आयोग की राशि से चल रही योजनाओं के बारे में भी केंद्रीय सचिव को पूरी जानकारी दी गयी।

स्मार्ट सिटी मिशन

राज्य शहरी विकास अभिकरण और रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के निदेशक अमित कुमार ने रांची में 656 एकड़ जमीन पर विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ विकसित हो रही स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी दी। बताया कि कमांड कंट्रोल एंड कम्यूनिकेशन, पब्लिक बाईसिकल शेयरिंग सिस्टम इत्यादि योजनाओं का उद्घाटन हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रकचर का कार्य तेजी से चल रहा है। 24 घंटे बिजली पानी के लिए बनी योजना अपने अंतिम दौर में है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव ने कहा कि अपने अच्छे प्रोजेक्ट के बारे में दूसरे बड़े नगर निकायों को पूरी  जानकारी दें, ताकि वो स्मार्टनेस के क्षेत्र में आपका अनुसरण कर सकें।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर वृहद तरीके से काम हो

केंद्रीय सचिव ने कहा कि हमें पब्लिक ट्रांसपोर्ट और हर घर में टैप के साथ जल पहुंचाने की दिशा में वृहद तरीके से काम करने की जरूरत है। इसके लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं शीघ्र लांच करने जा रही है। हम चाहते हैं कि झारखंड भी इन योजनाओं का लाभ उठाए। उन्होंने झारखंड के किसी एक शहर में Metro-Neo प्रोजेक्ट के लिए प्रस्ताव मांगा। विभागीय सचिव ने बताया कि राज्य सरकार 24 घंटे घर-घर जलापूर्ति को लेकर कई योजनाएं शुरू कर रही है। हम केंद्र से भी मदद के लिए प्रस्ताव शीघ्र भेजेंगे। रांची, धनबाद और जमशेदपुर में सिटी बस की योजना तैयार हो रही है। जल्द केंद्र सरकार को इससे अवगत कराया जाएगा। उन्होंने रांची के लिए  Metro-Neo प्रोजेक्ट का प्रस्ताव बनाने का आश्वासन दिया।