रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर बोलेरो दुर्घटनाग्रस्‍त, चार शिक्षा पदाधिकारी घायल

झारखंड
Spread the love

रांची। जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए हादसे में चार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी घायल हो गये। सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्‍हें रांची के रिम्‍स में रेफर किया गया। सभी एकेडमिक काउंसिल की बैठक में भाग लेकर वापस लौट रहे थे।

जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के पुरना पानी मोड़ के समीप रांची-गुमला मुख्य मार्ग एनएच 23 पर शनिवार की शाम हादसा हुआ। एक बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में बोलेरो में सवार गुमला के चालक समेत गुमला के चार प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी घायल हो गए हैं।

घायलों में 58 वर्षीय जलडेगा के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी नवल किशोर सिंह, पालकोट की प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी 50 वर्षीया सुमित्रा तिर्की (पति किशोर खलखो), सिसई प्रखंड की शिक्षा प्रसार पदाधिकारी 57 वर्षीया रुथ अनिता जीवन (पति जॉन एगनसीयूस), घाघरा की प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी 53 वर्षीया तरशिला केरकेट्टा (पति ख्रीस्तोफर एक्का) और बोलेरो चालक 25 वर्षीय रवि प्रभात कुजूर शामिल हैं।

सभी घायलों को ईटा पंचायत के मुखिया बुधराम बाड़ा ने वाहन की व्यवस्था कर बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। ‌वहां डॉ प्रियंका ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को रिम्स रेफर कर दिया। सभी को हाथ और पैर समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटे लगी है। सभी पदाधिकारी झारखंड एकेडमिक काउंसिल की बैठक से भाग लेकर गुमला और सिमडेगा लौट रहे थे। इस क्रम में बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।