नेताजी के त्याग, समर्पण और बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता है : हेमंत सोरेन

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरन ने कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बिहार तेजस्वी यादव, झारखंड के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, राजमहल सांसद विजय हांसदा, बिहार के विधायक तेज प्रताप यादव, झारखंड के पूर्व विधायक अमित महतो ने भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के त्याग, समर्पण और बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा….! जय हिन्द! जैसे नारों से आजादी की लड़ाई को नई ऊर्जा दी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज 125वीं जयंती है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल हैं, जिनसे आज के दौर का युवा वर्ग प्रेरणा लेता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का झारखंड से गहरा नाता रहा है। इस राज्य में उनका कई बार आगमन भी हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन देश के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। नेताजी के देशप्रेम, समर्पण और अनुशासन को हमसभी अपने जीवन में आत्मसात करें, यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनकी जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।