मायके गई हुई थी गृहस्वामिनी, चोरों ने कर दिया हाथ साफ

अपराध
Spread the love


आनंद कुमार सोनी


लोहरदगा। गृहस्वामिनी मायके गई हुई थी। चोरों ने इसका लाभ उठाते हुए घर में हाथ साफ कर दिया। इस दौरान गहने सहित नकद राशि लेकर फरार हो गये। श‍िकायत मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है।

जिले के ढोढा टोली शास्त्री नगर क्षेत्र में 19 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने सरस्वती देवी के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया। वह आवश्यक काम से मायके कैरो गई हुई थी। रात में अज्ञात चोर ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर गए। बक्सा, सूटकेस आदि तोड़कर जेवरात एवं नकदी ले गए। सरस्वती देवी ने बताया कि मकान ढलाई करने के लिए लोन लेकर 50 हजार रुपये नकदी रखे थे। पहनने के लिए सोना, चांदी के कुछ गहने थे। नकदी समेत लगभग 1 लाख रुपये का सामान चोर ले गये। मामले की जानकारी लोहरदगा थाना को दी गयी है। पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुटी है।

वहीं पड़ोस में नवनिर्मित मकान सीआरपीएफ जवान बिंदेश्वर राम का है। उनके घरों में भी ताला लगा था। चोरों ने वहां भी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बताते चलें कि लोहरदगा शहरी क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटना हो रही है। चोर बेखौफ चोरी की घटना को अंजाम देने लगे हैं।