
मुंबई। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में मंगलवार को एक पेट्रोल पंप पर इंडियन ऑयल के अधिकारी महेश शेलके की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आधिकारिक बयान का हवाला देते हुए एक समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान श्रवण वाकुड़े, राहुल धैजे, उमेश पांडवीर और लता पांडवीर के रूप में हुई है।
जानें पूरा मामला?
यह कथित हत्या मंगलवार को शाम करीब 4:30 बजे, शेलके और एक आरोपी के बीच हुई तीखी बहस के बाद हुई। महेश शेलके इंडियन ऑयल में मैनेजर और फील्ड ऑफिसर थे। वह अधिकारियों की उस टीम का हिस्सा थे, जो बसमत तहसील के अंबाचोंडी गांव में स्थित एक पेट्रोल पंप को सील करने गई थी। सीलिंग की इस कार्रवाई के दौरान पेट्रोल पंप के मालिक के परिवार के सदस्यों और वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ उनकी बहस शुरू हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, उमेश पांडवीर और अन्य आरोपियों ने मैनेजर पर किसी नुकीली चीज़ से हमला किया और उनसे सवाल किया कि “वह पेट्रोल पंप किसी और को कैसे चलाने के लिए दे सकते हैं?”
अधिकारियों ने बताया कि यह पेट्रोल पंप करीब दो साल पहले साहेबराव पांडवीर को आवंटित किया गया था। तकनीकी समस्याओं के कारण यह पेट्रोल पंप पिछले तीन महीनों से बंद पड़ा था, जिसके बाद कंपनी ने इसका कब्जा वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की थी।
निरीक्षण के दौरान, जहां एक ओर ऑपरेटर के परिवार ने पंप को दोबारा शुरू करने के लिए कुछ और समय मांगा, वहीं कंपनी के अधिकारी अपनी कार्रवाई पर अड़े रहे, जिसके चलते विवाद बढ़ गया। बताते चलें कि इस पूरी घटना की तुलना उत्तर प्रदेश में 2005 में इंडियन ऑयल के अधिकारी एस. मंजूनाथ की हत्या से की जा रही है।
‘पीठ, सीने और हाथों पर किए गए ताबड़तोड़ वार’
हमले के दौरान शेलके को गंभीर चोटें आईं और उन्हें सात बार चाकू मारा गया। पुलिस ने बताया कि उन्हें पीठ, सीने, हाथों और पेट में कई बारू चाकू से गोदा गया था।
कुरूंदा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “उन्हें पीठ, सीने, सिर, हाथों और पेट में चाकू मारा गया था। हमले के दौरान पत्थर भी फेंके गए थे। इसके बाद शेलके को बसमत के एक तालुका अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
पेट्रोलियम मंत्री ने त्वरित कार्रवाई की मांग की
हत्या की इस घटना के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने महाराष्ट्र के अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की मांग की और इस घटना को “जघन्य और अस्वीकार्य हिंसा” करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और इंडियन ऑयल कंपनी शेलके के परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “दुख और सदमे की इस घड़ी में मैं शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। @PetroleumMin और @IndianOilcl पूरी दृढ़ता से उनके साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करेंगे।”
उन्होंने आगे लिखा, “दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए यह मामला महाराष्ट्र सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है।”
‘एक होनहार और मिलनसार सेल्स ऑफिसर’
इंडियन ऑयल ने शेलके को एक “होनहार और उज्ज्वल सेल्स ऑफिसर” बताया, जिनकी “प्रतिबद्धता और ईमानदारी ने उन्हें अपने सहकर्मियों के बीच काफी सम्मान दिलाया था।”
कंपनी ने अपने बयान में कहा, “असीम दुख की इस घड़ी में, इंडियन ऑयल उनके शोकसंतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता मुहैया करा रहा है।”
इंडियन ऑयल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने इस घटना को “अस्वीकार्य” करार दिया और पेट्रोलियम मंत्रालय तथा महाराष्ट्र के अधिकारियों से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने और शेलके के परिवार को तत्काल सहायता प्रदान करने की मांग की।
एसोसिएशन ने कहा, “अपनी ड्यूटी निभा रहे तेल कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ हिंसा के लिए शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) होनी चाहिए। न्याय त्वरित, सख्त और अनुकरणीय होना चाहिए।”
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

