

रांची। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जुडको और कांटाटोली फ्लाईओवर का काम कर रही एजेंसी को हर हाल मे 30 सितंबर तक काम पूरा कर फ्लाईओवर को चलायमान बना देने का निर्देश दिया है। श्री कुमार ने सोमवार को फ्लाईओवर के कार्य की प्रगति के निरीक्षण के दौरान उक्त निर्देश दिए।
प्रधान सचिव ने कार्यरत एजेंसी डीआरए के प्रतिनिधि को स्पष्ट रूप से कहा कि हर हाल में 30 सितंबर तक योगदा मठ बहुबाजार से शांतिनगर कोकर तक कांटाटोली फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा करें। फ्लाईओवर पर यातायात शुरू करने के लिए सभी जरूरी प्रक्रियायें पूरी कर लें। फ्लाईओवर के सभी 486 प्रीकास्ट सेगमेंटल बॉक्स चढ़ चुके हैं।

बॉक्सों को केबल से बांधते हुए विशेष ग्लू (गोंद) से जोड़ा जा चुका है। सेगमेंटल बाक्स को सड़क का रूप देने के लिए 50 एमएम का बिटुमिन का स्तर लगाया जा चुका है। बिटुमिन के उपर 25 एमएम मास्टिक अस्फाल्ट का लेयर चढ़ाने का काम अंतिम चरण में है।
फ्लाईओवर पर प्रकाश व्यवस्था के लिए लगभग 125 बिजली के खंभे लगाने का काम भी चल रहा है। शांतिनगर कोकर के पास माइनर ब्रिज को चौड़ा करने का काम तेजी से चल रहा है। सचिव को जुडको द्वारा आश्वस्त किया गया है कि 30 सितंबर तक माइनर ब्रिज का भी काम पूरा हो जायेगा। फ्लाईओवर के नीचे भी एलइडी बल्ब लगाये जा रहे है।

मुख्य फ्लाईओवर पर यातायात शुरू कराने के बाद खादगढ़ा बस स्टैड के प्रवेश़द्वार के पास नामकुम एवं बस स्टैंड की ओर जाने के लिए रैंप बनेगा। इसी तरह लालपुर की ओर जाने के लिए पेट्रोल पंप के पास एक रैंप बनेगा। प्रधान सचिव के निरीक्षण के दौरान जुडको के पीडीटी श्री गोपालजी, महाप्रबंधक विनय कुमार, उप परियोजना प्रबंधक प्रत्युष आनंद और सहायक परियोजना प्रबंधक विनय कुमार शील एवं एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्य खबरें पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, x सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमसे इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/KFx4zY9YysxKWCO5Z8HWlj



