Jharkhand: इन बीमारी के मरीजों को सरकारी के साथ अब निजी अस्पतालों में भी मुफ्त चढ़ेगा खून

सेहत झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड में रह रहे थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और गंभीर एनीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है।

अब आयुष्मान भारत एवं अबुआ स्वास्थ्य कार्ड के लाभुकों को सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी निर्धारित पैकेज के तहत नि:शुल्क खून चढ़ाने की सुविधा मिल सकेगी।

झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों में मरीजों को रक्त चढ़ाने की सुविधा उपलब्ध कराने तथा अस्पतालों को भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के पैकेज और उनकी दरें निर्धारित की हैं। यह व्यवस्था पूरे राज्य में लागू की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा- “आज स्वास्थ्य विभाग ने थैलेसीमिया और सिकल सेल के मरीजों के लिए एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है, जो इन मरीजों और उनके परिवारों के लिए वरदान साबित होगा।

अब किसी मरीज को जांच और इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। मरीजों की स्क्रीनिंग, आवश्यक जांच और समुचित इलाज की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया और सिकल सेल जैसी बीमारियों में मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि मरीजों को उनके जिले और घर के आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो।

डॉ. अंसारी ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से सरकारी अस्पतालों के साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों की स्क्रीनिंग एवं जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा, ताकि बीमारी की पहचान समय रहते हो सके और मरीजों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार मरीजों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

निर्धारित पैकेज के माध्यम से थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और गंभीर एनीमिया के मरीजों को अपने जिले अथवा नजदीकी सूचीबद्ध निजी अस्पताल में ही रक्त चढ़ाने की सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को इलाज के लिए दूर स्थित बड़े अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होगी तथा उनके समय और आने-जाने के खर्च की भी बचत होगी।

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि खासकर उन मरीजों के लिए यह व्यवस्था महत्वपूर्ण है, जिन्हें बीमारी के कारण नियमित अंतराल पर रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती है।

निजी अस्पतालों में भी निर्धारित पैकेज के माध्यम से सुविधा उपलब्ध होने से उपचार की पहुंच और बेहतर होगी।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

व्‍हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK

स्‍वदेशी एप पर इससे जुड़ें
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *