- ईंधन की कालाबाजारी व जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्रवाई
विश्वजीत कुमार रंजन
गढ़वा। वर्तमान समय में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से सदर गढ़वा, श्री बंशीधर नगर एवं रंका में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की।
इसमें ईंधन की उपलब्धता, कालाबाजारी रोकने, जमाखोरी पर नियंत्रण और आम नागरिकों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बैठक में कहा कि बिना उचित कारण किसी भी पेट्रोल पंप को बंद रखना स्वीकार्य नहीं होगा। यदि किसी कारणवश पेट्रोल पंप बंद रहता है, तो बड़े अक्षरों में उसका कारण प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि पेट्रोल एवं डीजल की कालाबाजारी, अधिक मूल्य पर बिक्री तथा सप्लाई चेन को बाधित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोग गैलन एवं कंटेनरों में पेट्रोल लेकर अधिक कीमत पर खुले बाजार में बेच रहे हैं।
इस पर प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि वे खुले डिब्बों, बोतलों अथवा बड़े कंटेनरों में पेट्रोल की बिक्री नहीं करें। किसानों को नियंत्रित मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की बात कही गई।
श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा ने जानकारी दी कि बोकारो एवं खूंटी स्थित तेल डिपो से नियमित रूप से तेल की आपूर्ति हो रही है।
उन्होंने सभी संचालकों को प्रतिदिन उपलब्ध ईंधन स्टॉक की मात्रा सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को सही एवं पारदर्शी जानकारी मिल सके।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को सड़क किनारे अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल बेचने वालों के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
रंका अनुमंडल पदाधिकारी रूद्र प्रताप ने कहा कि ईंधन की जमाखोरी, मिलावट एवं निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री को गंभीर अपराध है।
ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध ईसेंशियल कमोडिटीज एक्ट के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंपों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रखें। दैनिक स्टॉक का नियमित संधारण करें तथा समय-समय पर तेल कंपनियों को मांग प्रेषित करते रहें।
साथ ही पंप परिसरों में पेयजल, शौचालय एवं हवा भरने जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठकों में यह भी निर्णय लिया गया कि शादी-विवाह जैसे आवश्यक कार्यों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत मांग पत्र प्राप्त होने पर नियंत्रित मात्रा में डिब्बों में ईंधन उपलब्ध कराया जा सकेगा।
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

