

पलामू। ऑटो चालक अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं। सरकार प्रोत्साहन राशि देगी। पलामू के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिंहा ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में 5 ऑटो चालकों के बीच सांकेतिक रूप से लर्नर लाइसेंस का का वितरण किया। इस अवसर पर पांचों ऑटो चालकों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 200 रुपये भी दिये गये। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी अनवर हुसैन और ट्रैफिक प्रभारी रूद्रनंद सरस उपस्थित थे।
21 जनवरी को लगेगा मेगा कैंप

जिले के वैसे ऑटो चालक जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, उन्हें डीएल उपलब्ध कराने के लिए जीएलए कॉलेज में 21 जनवरी को विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। लाइसेंस बनवाने के बाद सभी ऑटो चालकों को प्रोत्साहन राशि भी दी जायेगी।
अधिकांश चालकों के पास लाइसेंस नहीं

एसपी ने बताया कि पलामू पुलिस सभी ऑटो चालकों का पहचान पत्र निर्गत करने की योजना पर काम कर रही थी। इस वक्त संज्ञान में आया कि अधिकांश ऑटो चालकों के पास अपना लाइसेंस ही नहीं है। पुलिस की ओर से चलाए गये अभियान में कई ऑटो चालक इतने संपन्न भी नहीं थे कि वह फाइन भर पाएं। पुलिस द्वारा पूछे जाने पर ऑटो चालकों ने बताया गया कि वह कई बार लाइसेंस बनवाने का प्रयास किए, लेकिन लंबी कागजी प्रक्रिया के वजह से नहीं बन पाये। कई बार दलाल किस्म के लोग लाइसेंस बनवाने के लिए अधिक पैसे की मांग करते थे। उनके संज्ञान में यह बात आने पर उन्होंने परिवहन पदाधिकारी से बात कर ऑटो चालकों के लिये विशेष व्यवस्था करने की बात कही।
ड्राइविंग लाइसेंस होने से फायदा
एसपी ने कहा कि ऑटो चालकों का अपना लाइसेंस हो जाने से कई तरह के फायदे होंगे। लाइसेंस नहीं होने पर दुर्घटना होने की स्थिति में चालक को कानूनी रूप से कई तरह की परेशानियों से गुजरना पड़ता है, जो अब नहीं होगा। चेकिंग से बचने के लिए पुलिस से लुकाछिपी करने की जरूरत खत्म हो जाएगी। एसपी ने ऑटो चालकों को आर्थिक सहयोग देने के लिए व्यवसायी सह सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञानशंकर जायसवाल, रामनरेश एवं दीपक लाल को धन्यवाद दिया।



