सीवान। बिहार के सीवान जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना हसनपुरा थाना क्षेत्र के रजनपुरा लंगड़पुरा मोड़ के पास की है। यहां जेसीबी और जीप की सीधी टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर लोग घायल हो गये। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद सीवान-सिसवन मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जीप पर सवार लोग मेहंदार मंदिर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे, इसी दौरान हादसा हो गया। हसनपुरा थाना क्षेत्र के सहुली गांव निवासी सभी लोग मेहंदार मंदिर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
बारातियों की संख्या अधिक होने के कारण कुछ लोग जीप की छत पर भी बैठ गये थे। जैसे ही जीप हसनपुरा थाना क्षेत्र के रजनपुरा लंगड़पुरा मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही जेसीबी से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इससे जीप पर सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

