- उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी
गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्मृति-शेष पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व सुदिव्य कुमार सोनू के आवास 17 सितंबर को पहुंचे। झारखंड मंत्रीमंडल के सदस्य एवं जनसेवा के समर्पित सहयोगी स्मृति-शेष सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से शोकाकुल मुख्यमंत्री द्वादशकर्म कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उनके तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस भावुक क्षण में मुख्यमंत्री ने दिवंगत मंत्री के परिजनों ,शोक-संतप्त पत्नी, पुत्र, पुत्री से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति, धैर्य एवं संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
मीडिया से बातचीत के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े भाई सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक घटना से हम सभी अवगत हैं। आज विधिवत रीति-रिवाज के साथ द्वादशकर्म कार्यक्रम किए जा रहे हैं। हमलोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
यह घटना बहुत ही दु:खद है। राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है, इसकी भरपाई करना बहुत ही कठिन है। मंत्री रहते हुए सुदिव्य कुमार सोनू की बड़ी सक्रियता थी, उनकी सक्रियता एवं व्यक्तित्व किसी से छिपा नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे व्यक्ति की आवश्यकता समाज और राज्य को हमेशा रहती है। उनके जैसा हौसला और जुनून चाहिए। सोनू जी में सारे भाव व लक्षण थे। एक लंबे समय के बाद उन्होंने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में दिशा देने का भी काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी भी मन मानने को तैयार नहीं है, कि वे हमारे बीच नहीं हैं। विधि के विधान को न हम टाल सकते हैं और न ही कोई और। इस विधान के साथ हम सभी को चलना है। उन्होंने कहा कि दलगत भावना से ऊपर उठकर लोग उनके द्वादशकर्म में यहां पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू जी व्यक्तित्व के धनी रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों, सभी वर्गों की समस्या और अपनी पहचान को लेकर आगे बढ़ते रहे हैं। हमारे बीच नहीं रहते हुए भी वे एक मिसाल के तौर पर कायम रहेंगे। हमसभी लोग ईश्वर से प्रार्थना करें कि उनकी आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें। दु:ख की इस घड़ी में हमसभी उनके समस्त परिजनों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने स्मृति-शेष सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म में सम्मिलित होने पहुंचे सभी आमलोगों से मिलकर भी ढांढ़स बंधाया।
विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी स्मृति-शेष स्व सुदिव्य कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। ईश्वर से इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
द्वादशकर्म में मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रीगण, राज्यसभा सांसदगण, विधायकगण, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी, गिरिडीह जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में उनके समर्थक एवं चाहने वाले लोग शामिल होकर दिवंगत मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार को नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

