- बिहार और झारखंड की माटी से जुड़ी बिहारी कनेक्ट यूके संस्था ने तैयारी शुरू की
लंदन। छठ महापर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा, भक्ति, संस्कृति और मिट्टी की सोंधी खुशबू की पवित्र अनुभूति है। बिहार-झारखंड के लोग जब अपनी जन्मभूमि से हजारों किलोमीटर दूर सात समंदर पार यूके में छठ महापर्व मनाते हैं, तब उनकी जीवन मूल्य की जड़ों और परंपराओं की यादें गहरी हो जाती है।
बिहारी कनेक्ट यूके, लंदन में रजिस्टर्ड संस्था हैं। इसने लंदन में पिछले 4 वर्षों से सामूहिक छठ महापर्व को भव्यता और भक्तिभाव के साथ सफलतापूर्वक जीवंत किया है। संस्था की स्थापना अक्टूबर, 2017 में पटना के डॉ उदेश्वर कुमार सिंह और हिनू रांची के कैप्टन ओम प्रकाश ने की थी। अन्य ट्रस्टी राजीव सिंह, विजय राय और डॉ बीरेंद्र राय भी संस्था से जुड़े हैं।
संस्था ने छठ महापर्व-2026 के सफल आयोजन के लिए डॉ श्रीमती रानी ओमप्रकाश को अध्यक्ष व पवन कुमार गुप्ता को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। अमित कुमार शर्मा वित्त सचिव, अरुण कुमार सदस्यता सचिव, अभिषेक आनंद आईटी सचिव, अभिषेक वर्मा सचिव सांस्कृतिक, श्रीमती श्रीपन्ना मिश्रा सचिव सामुदायिक मामले और श्रीमती खुशबू सिन्हा सचिव पीआर व सोशल मीडिया बनाए गए हैं। विकास कुमार राय कल्चरल प्रोग्राम, प्रकाश कुमार आईटी और अमर कुमार व रवि कुमार को फूड एवं कैटरिंग की जिम्मेदारी देखेंगे।
संस्थापक ट्रस्टी कैप्टन ओम प्रकाश ने बताया कि संस्था से यूके में बसे बिहार एवं झारखंड के करीब 15 सौ परिवार जुड़े हुए है। संस्था द्वारा यूके में हर वर्ष सामूहिक रूप से होली, बिहार दिवस, झारखंड दिवस, लिट्टी पार्टी ऑन सीबीच और छठ पूजा का आयोजन किया जाता है। लंदन स्थित भारतीय उच्चायुक्त के कार्यक्रमों में भी भागीदारी और पूरा सहयोग देता है।
ट्रस्टी ने बताया कि संस्था ने यूके में बसे बिहार और झारखंड से जुड़े लोगों के बीच विशिष्ट पहचान बनाई है। इस वर्ष भी संस्था के गौरवशाली सिलसिले को जारी रखते हुए लगातार 5वें साल तीन दिवसीय छठ पर्व का महाआयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष 15 व्रती सामूहिक निर्जला उपवास रखकर भगवान भास्कर और छठी मइया की उपासना करेंगे।
यूके के प्रतिकूल मौसम और दिनचर्या के बीच 15 व्रतियों का नियम, निष्ठा और पवित्रता के साथ छठी मैया का पूजन श्रद्धा एवं भक्ति का अद्भुत और प्रेरणादायक क्षण होगा।
संस्थापक ट्रस्टी डॉ उदेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि यूके में पूजन सामग्री की व्यवस्था एक बड़ी कठिन चुनौती है। पूजा में पीतल दौरा, सूप, दिया, थाली आदि छठ पूजन सामग्री को पटना से मंगाया गया है। संस्था सभी वत्तियों को छठ पूजन सामग्री के साथ दो साड़ी, दो ब्लाउज और लहटी मुहैया कराएगी। इसका मूल उद्देश्य छठ महापर्व के पारंपरिक स्वरूप, उसकी मूल आत्मा और बिहार-झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को यथासंभव उसी भाव के साथ प्रस्तुत करना है, जैसा लोग अपने घरों और गांवों में अनुभव करते आए हैं।
इस साल भी व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, स्वच्छ अर्घ्य स्थल (घाट), ठेकुआ प्रसाद एवं व्यवस्थाओं का वृहद व बेहतरीन योजना बनाई गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को घर से दूर होने का अहसास नहीं हो। इस आयोजन में महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से 7 हजार से अधिक ठेकुआ प्रसाद बनाया जाएगा। इसे सभी श्रद्धालु के अलावे यूके में दूर-दराज के शहरों में बसे बिहार और झारखंड के परिवारों के बीच भी वितरित किए जाएंगे।
तीन दिवसीय इस सामूहिक छठ पूजा का स्थल यूके के लंदन स्थित ब्रह्मऋषि मिशन, हेस्टन रोड, हौंऊसले रखा गया हैं। 14 नवंबर को सामूहिक खरना/लोहंडा, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य (डूबते सूर्य को अर्घ्य) और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य (उगते सूर्य को अर्घ्य) एवं पारन होगा।
इसमें कैंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स, वेंबले आदि शहरों के करीब दो हजार लोग भाग लेंगे। सभी के लिए निःशुल्क भोजन, नाश्ता एवं चाय की व्यवस्था होगी। बच्चों के लिए खेलकूद, पेंटिंग एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होगी। संस्था से जुड़े 25 वालंटियर के सहयोग से सभी कार्यक्रम संचालित होंगे। 13 नवंबर को सभी व्रती अपने घरों में नहाय-खाय मनाएंगे।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

