- शिकायत मिलते एसडीएम ने की कार्रवाई
विश्वजीत कुमार रंजन
गढ़वा। समाहरणालय के समीप स्थित एक सरकारी स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण का प्रयास हो रहा था। इसकी शिकायत फोन पर मिलने के 10 मिनट के अंदर अनुमंडल पदाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई की। अतिक्रमण के प्रयास को विफल कर दिया।
रविवार सुबह एसडीएम को आम नागरिकों के फोन से अतिक्रमण की शिकायत की। शिकायत मिलते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचे। वहां हो रहे अवैध निर्माण के संबंध में स्थानीय लोगों से पूछताछ की। हालांकि एसडीएम के आने की भनक पर मिस्त्री, मजदूर आदि सब पहले ही भाग खड़े हुए थे।
हालांकि, मौके पर पाया गया कि अज्ञात लोगों द्वारा दिनदहाड़े विद्यालय को घेरकर कब्जा करने के उद्देश्य से बहुत तेजी से काम करते हुए लगभग तीन फीट ऊंची बाउंड्री का निर्माण किया जा चुका था। पूछताछ के बावजूद आसपास के लोग निर्माण कराने वाले की पहचान बताने को तैयार नहीं थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने कुछ मिनटों पूर्व निर्मित इस बाउंड्री के ताजा निर्माण कार्य को मौके पर ही तत्काल ध्वस्त करा दिया। वहां मौजूद ईट, सीमेंट, बालू आदि निर्माण सामग्री को जब्त करने के लिए अंचल अधिकारी सफी आलम को निर्देश दिया गया।
एसडीएम ने कल्याणपुर मुखिया अशोक चंद्रवंशी को मौके पर बुलाकर परिसर पर नजर रखने और स्थानीय स्तर पर यह पता लगाने का निर्देश दिया कि उक्त अवैध निर्माण किसके द्वारा कराया जा रहा था।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर कुछ लोगों द्वारा अवैध बाउंड्री निर्माण कर कब्जे का प्रयास किया गया था। इसे उस समय भी एसडीएम संजय कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तुड़वा दिया था।
एसडीएम ने मौके पर मौजूद गढ़वा अंचल अधिकारी एवं संबंधित राजस्व कर्मियों को ऐसे अन्य मामलों पर भी सतत निगरानी रखने और किसी भी अतिक्रमण के प्रयास पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

