रांची। झारखंड राज्य सहकारी बैंक कर्मचारी संघ के सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन मंगलवार को भी अपने-अपने कार्यस्थल पर काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सदस्य रांची के शहीद चौक स्थित बैंक मुख्यालय परिसर में 19 अक्टूबर को गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे।
संघ के अध्यक्ष अनिल पी पन्ना ने कहा कि कई सालों से बैंक के कर्मचारी अपनी मांगों को प्रबंधन के समक्ष रखते रहे हैं। हालांकि हमेशा उसे नजरअंदाज किया जाता रहा है। बैंक कमर्चारी विकट से विकट परिस्थितियों में भी काम करते रहे हैं। ऐसे में अन्य राज्यों के सहकारी बैंकों की तुलना में झारखंड के कर्मचारियों का वेतनमान कम होना उचित नहीं है।
संघ के महासचिव चंदन कुमार प्रसाद ने कहा कि हमलोग कई सालों से कर्मचारियों की लड़ाई लड़ रहे हैं। आज भी संघर्ष कर रहे हैं। बार-बार आश्वासन देने के बाद भी एक भी मांग पूरी नहीं की गयी, जो निराशाजनक है। विवश होकर आंदोलन का रुख अपनाना पड़ा है।
आज भी राज्य भर की सभी 105 शाखाओं में कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाया है। कल मुख्यालय परिसर में शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन होगा। मांगें नहीं मांगी गयी तो 26 अक्टूबर 2022 को पूरे राज्य की 105 शाखाओं में हड़ताल और तालाबंदी किया जाएगा।
आज के कार्यक्रम में राजीव रंजन, निखिल बंका, राजीव कुमार, मुकेश कुमार, तिलक देव, अमृता महतो की भूमिका रही।
संघ की प्रमुख मांगें
▪ ग्रेड-पे में बढ़ोतरी।
▪ कर्मचारियों को प्रमोशन।
▪ रिक्त पदों पर बहाली।
▪ स्टेशनरी आपूर्ति की समस्या का समाधान।
▪ कर्मचारियों का मेडिकल इंश्यारेंस।
▪ बैंक में शीर्ष प्रबंधन का गठन।