- श्रमिकों को कंपनी करेगी वेतन का भुगतान
रांची। दक्षिण अफ्रीका के माली में फंसे गिरिडीह और हजारीबाग के 33 श्रमिकों में से सात की घर वापसी हो गई। लौटने वाले श्रमिक दिलीप कुमार, छेदीलाल महतो, संतोष महतो, लालमणि महतो, इन्द्रदेव ठाकुर, लोकनाथ महतो और इन्द्रदेव प्रसाद हैं। श्रमिकों के दूसरे समूह की रविवार को माली से रवाना होने की संभावना है।
ये था मामला
जनवरी, 2022 में सोशल मीडिया के माध्यम से श्रमिकों ने अपनी स्थिति से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता को अवगत कराया था। मुख्यमंत्री को बताया गया कि वे सभी वर्ष, 2021 से कल्पतरु पावर ट्रैन्ज़्मिशन लिमिटेड में फीटर के रूप में कार्यरत हैं। ठेकेदार ने उनका पासपोर्ट जब्त कर रखा है। वह भारत वापस आ चुका है। तीन महीने से ज्यादा हो गये हैं, लेकिन उन्हें वेतन नहीं दिया गया। उनके पास दो दिन का खाना ही बचा था।
मामले पर लिया संज्ञान
मामले पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को श्रमिकों की सुरक्षित वापसी का आदेश दिया। इसके बाद राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष द्वारा कंपनी के कंट्री हेड एवं मैनेजर से संपर्क कर उन्हें श्रमिकों की समस्या से अवगत कराते हुए उनके खाने की उचित व्यवस्था और वेतन का भुगतान करने को कहा गया।
कपनी से समझौता
मामले की गंभीरता को देखते हुए माली स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर घटना से अवगत कराया गया। दूतावास द्वारा कंपनी, ठेकेदार एवं श्रमिकों के प्रतिनिधियों को दूतावास कार्यालय बातचीत के लिए बुलाया गया। इसके बाद तीनों पक्ष के प्रतिनिधि द्वारा दूतावास कार्यालय में समझौता पत्र में हस्ताक्षर किया गया। श्रमिकों की वापसी सुनिश्चित हुई।