छत्तीसगढ़ के राजनांद गांव में आईटीबीपी के 21 जवानों की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। सभी जवानों को फूड पॉइजनिंग हुआ है। फ़िलहाल सबका इलाज अस्पताल में चल रहा है। सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।
इस बारे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। बता दें कि राजनांदगांव जिले के मलैदा कैंप में आईटीबीपी और सीएएफ के 21 जवान फूड पॉइजनिंग से पीड़ित हैं। उन्हें डायरिया और उल्टी की शिकायत थी। जानकारी के मुताबिक, सभी ने एक दिन पहले खाने में नॉन वेज खाया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी है।
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिले के कलेक्टर और एसपी को सभी जवानों के बेहतर इलाज के इंतजाम करने का निर्देश दिया है। सभी जवानों का इलाज खैरागढ़ के अस्पताल में किया जा रहा है। आईटीबीपी के अफसर भी जवानों की सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।