भौरों के झुंड ने व्रतियों पर अचानक बोला हमला, दर्जनों महिलाएं जख्मी

झारखंड
Spread the love

चतरा। कोरोना महामारी के बीच आज गुरुवार को सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र के लिए बरगद पेड़ के नीचे वट सावित्री की पूजा की। अखंड सौभाग्य की कामना की। चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के जोतडीह गांव में पूजा के दौरान भौरों के झुंड ने व्रतियों पर अचानक हमला बोल दिया।

इससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी। इसमें दर्जनों महिलाएं घायल हो गयीं। घटना में छोटे बच्चों को भी भौरों ने डंक मारा है, जिसमें कई की हालत गंभीर है। बता दें कि गुरुवार को गांव के बीच विशाल बरगद के पेड़ के नीचे वट सावित्री की पूजा की जा रही थी। पूजा के दौरान महिलाएं धूप अगरबत्ती जला रही थीं।

बरगद के पेड़ पर भौरों का निवास था। धुआं उठते ही भौरों ने वहां मौजूद महिलाओं पर हमला कर दिया। तत्पश्चात महिलाएं पूजा अधूरी छोड़ जान बचाकर भागने लगीं। भागने के दौरान कई महिलाओं को चोटें भी आईं, जबकि अधिकांश महिलाएं भौरों के डंक से बुरी तरह घायल हो गयीं। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।