
रांची। रांची रेलवे स्टेशन से अगवा चार वर्षीय विवान को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। झारखंड के साहिबगंज का खतरनाक तीन पहाड़ गिरोह विवान को अपने साथ ले गया था।
यह गिरोह बच्चों से चोरी और भीख मंगवाने का काम करवाता है। धनबाद पुलिस की सहायता से मासूम विवान को साहिबगंज से मुक्त करवा लिया गया है।
रांची पुलिस के द्वारा जारी प्रेस रिलीज में यह बताया गया है कि रांची स्टेशन से गायब चार वर्षीय विवान कुमार को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है।
बच्चे की तलाश में जुटी रांची पुलिस को शनिवार देर रात बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें साहिबगंज के तीनपहाड़ निवासी राहुल बनर्जी भी शामिल है। राहुल की गिरफ्तारी धनबाद रेलवे स्टेशन से की गई, जबकि उसकी निशानदेही पर पुलिस ने साहिबगंज के तीनपहाड़ से बच्चे को बरामद कर लिया।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया, जबकि चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ में छापेमारी कर की गई।
इस कार्रवाई में धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज पुलिस के साथ पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), संथाल परगना का भी विशेष सहयोग रहा।
रांची पुलिस के अनुसार, देर रात तक चले अभियान में विभिन्न जिलों की पुलिस ने आपसी समन्वय के साथ काम किया, जिसके परिणामस्वरूप बच्चे को सुरक्षित बरामद किया जा सका।
पुलिस के मुताबिक, विवान के लापता होने के बाद उसकी तलाश के लिए रांची पुलिस लगातार तकनीकी जांच और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
जांच के दौरान बच्चे की लोकेशन धनबाद रेलवे स्टेशन के आसपास मिलने की जानकारी धनबाद पुलिस को दी गई। इसके बाद धनबाद पुलिस और आरपीएफ ने स्टेशन व आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी।
मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस को राहुल बनर्जी के धनबाद पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने स्टेशन पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।
शनिवार देर रात वनांचल एक्सप्रेस के धनबाद पहुंचते ही पुलिस ने राहुल को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह ट्रेन से साहिबगंज की ओर निकलने की तैयारी में था।
राहुल से पूछताछ के बाद पुलिस को बच्चे के अपहरण से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में यह बात सामने आई कि बच्चों को अगवा करने के बाद उन्हें दूसरे स्थानों पर ले जाकर भीख मंगवाने वाले गिरोह से आरोपी का संपर्क था।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गिरोह में शामिल लोग बच्चों का इस्तेमाल दूसरे छोटे-मोटे अपराधों में भी करते थे। राहुल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम साहिबगंज के तीनपहाड़ पहुंची।
वहां एक ठिकाने पर छापेमारी कर विवान को बरामद कर लिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। बच्चे को रांची लाया जा रहा है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवान को रांची से कब और किस तरह दूसरे स्थान पर ले जाया गया और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप पर इससे जुड़ें
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

