
- कार्यकर्ताओं ने घोषित कमेटी को नकारा, किया कार्यक्रम का बहिष्कार
कथारा। सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ का 29वां अधिवेशन 21 एवं 22 सितंबर 2026 को कथारा के ऑफिसर्स क्लब में आयोजित किया गया। अधिवेशन में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पदधारी, प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
अधिवेशन का उद्देश्य संगठनात्मक समीक्षा के साथ-साथ संघ की नई कमेटी का पुनर्गठन करना था। इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में भारतीय मजदूर संघ के झारखंड प्रदेश के महामंत्री राजीव रंजन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष बलिराम यादव और अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के अध्यक्ष संजय कुमार चौधरी उपस्थित थे।
इसमें सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ की नई कमेटी घोषित की गई। सर्वसम्मति से पदधारियों का चयन होने की बात कही गई। प्रस्तावक हीरालाल रविदास थे। समर्थन राजू स्वासी, मनोज कुमार रजक ने किया।
सूत्रों के अनुसार अधिवेशन के दौरान नई कमेटी के गठन को लेकर अपेक्षित व्यापक विचार-विमर्श एवं सर्वसम्मति नहीं बन सकी। कार्यकर्ता एवं पदधारियों की ओर से सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित प्रतिनिधित्व देने और प्रस्तावित नामों में आवश्यक परिवर्तन का सुझाव दिया गया।
अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के अध्यक्ष संजय कुमार चौधरी द्वारा भी संगठन हित में कुछ नामों में परिवर्तन एवं योग्य कार्यकर्ताओं को कमेटी में शामिल करने का सुझाव दिया गया। इन सुझावों पर सहमति नहीं बन सकी।
फलस्वरूप नई कमेटी के गठन को लेकर गतिरोध उत्पन्न हो गया। कोई सर्वसम्मत निर्णय नहीं हो सका। स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के महामंत्री शशिभूषण सिंह ने अधिवेशन को अगली सूचना तक स्थगित करने की घोषणा की। इसके बाद संघ के अध्यक्ष निर्गुण महतो ने भी अधिवेशन की कार्यवाही समाप्त करने की घोषणा की।
इस घोषणा के समय वर्तमान कमिटी को भंग किए जाने का निर्णय नहीं लिया गया था। यानी अधिवेशन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद कमेटी पुनर्गठन के विषय पर आगे संगठनात्मक स्तर पर विचार-विमर्श किया जाना था।
कार्यकर्ताओं के अनुसार, अधिवेशन स्थगित होने के बाद भी भारतीय मजदूर संघ के झारखंड प्रदेश के महामंत्री राजीव रंजन सिंह द्वारा नई कमेटी के पुनर्गठन की घोषणा कर दी गई।
कार्यकर्ताओं ने इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताया। कहा कि जब अधिवेशन अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया था, तब उसके बाद नई कमेटी की घोषणा करना संगठनात्मक प्रक्रिया एवं संविधान की भावना के विपरीत है।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पूरी प्रक्रिया में सामूहिक विचार-विमर्श, संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को दरकिनार कर व्यक्तिगत निर्णय को प्राथमिकता दी गई।
इस घटनाक्रम के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन किसी एक व्यक्ति की इच्छा, जिद अथवा मनमाने निर्णय से नहीं, बल्कि संविधान, सामूहिक निर्णय, अनुशासन और कार्यकर्ताओं के विश्वास से चलता है।
नई कमेटी की घोषणा के बाद सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से आए पदधारी एवं कार्यकर्ताओं ने घोषित कमेटी को स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया। कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से उक्त प्रक्रिया का विरोध करते हुए घोषित कमेटी एवं कार्यक्रम का बहिष्कार किया। अधिवेशन स्थल से बाहर निकल गए।
सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन में मतभेद होना स्वाभाविक है। हालांकि, किसी भी मतभेद का समाधान संवाद, समन्वय, विचार-विमर्श और सर्वसम्मति से होना चाहिए।
सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के कार्यकर्ताओं ने संगठन के उच्च स्तर के पदाधिकारियों से पूरे घटनाक्रम का निष्पक्ष संज्ञान लेने की मांग की है। कार्यकर्ताओं की मांग है कि अधिवेशन में उत्पन्न गतिरोध का समाधान बातचीत एवं आपसी समन्वय के माध्यम से किया जाए।
ये है नई कमेटी
अध्यक्ष-दिली कुमार (कथारा), कार्यकारी अध्यक्ष-शशिभूषण सिंह (बरका-सयाल), उपाध्यक्ष-अनिता कुमारी (मुख्यालय), रणविजय सिंह (चरही), शंकर गिरि (कुजू), सुभाषचंद्र ओझा (बरका-सयाल)।
महामंत्री-राजीव रंजन सिंह (मुख्यालय), संयुक्त महामंत्री-मुकेश कुमार (आम्रपाली), मंत्री-माला कुमार (चरही), संजय सिंह (अरगड्डा), मनीष पांडेय (रजरप्पा), गोविंदचंद्र महतो (एनके)।
कोषाध्यक्ष-पवन उपाध्याय, संगठन मंत्री-रामेश्वर कुमार मंडल (कथारा), कार्यालय मंत्री-विनय कुमार गुप्ता (बरकाकाना), कार्यसमिति सदस्य-निर्गुण महतो (कुजू), प्रमोद कुमार सिंह (गिरिडीह), श्रीमती छवि शाहदेव (मुख्यालय), बृजकिशोर राम (बरका-सयाल)।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

