रांची। राजधानी रांची के खेलगांव का एक परिवार गोड्डा में सड़क हादसे का शिकार हो गया है। जैसे ही इसकी सूचना रिश्तेदारों को मिली कोहराम मच गया।
खेलगांव थाना इलाके में रहने वाले देव तिवारी के परिवार का गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के अमडीहा स्थित फोरलेन ओवरब्रिज पर मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ।
इस दुर्घटना में स्कार्पियो सवार 18 वर्षीय छात्रा सारा तिवारी उर्फ अधिरिचा तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि स्कार्पियो पर सवार एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में स्कार्पियो चला रहे परिवार के मुखिया 42 वर्षीय देव तिवारी, उनकी पत्नी रूपा चौधरी, छोटी बेटी 12 वर्षीय चेरी तिवारी, 40 वर्षीय सोनू सिंह और उनकी पत्नी ब्यूटी सिंह शामिल हैं।
इस संबंध में खेलगांव थाना की पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। लेकिन देव तिवारी के परिवार की ओर से किसी ने कुछ नहीं कहा है।
पुलिस अपने स्तर से पता लगाने का प्रयास कर रही है कि देव तिवारी का परिवार खेलगांव में किस क्षेत्र में रहता है। अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है। इस घटना को लेकर पूरे खेलगांव में चर्चा थी। लेकिन कोई यह नहीं बता पा रहा था कि देव तिवारी कहां पर रहते हैं।
जानकारी के अनुसार, रांची निवासी देव तिवारी अपने परिवार के साथ स्कार्पियो से गुवाहाटी जा रहे थे। इसी दौरान फोरलेन ओवरब्रिज पर यह हादसा हुआ।
तेज रफ्तार स्कार्पियो सड़क किनारे लगे क्रास बैरियर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और वह करीब 35 फीट दूर जाकर दूसरे डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई।
हादसे में सारा तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक देव तिवारी, उनकी पत्नी रूपा चौधरी और छोटी बेटी चेरी तिवारी को गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही सोनू सिंह और उनकी पत्नी भी इस हादसे में बुरी तरह घायल हुए हैं।
सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आइसीयू में उनका इलाज चल रहा है। देव तिवारी और ब्यूटी सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर एम्स रेफर कर दिया गया है, जबकि सोनू सिंह और चेरी तिवारी का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
घायलों के अनुसार, मंगलवार की अहले सुबह वे लोग रांची से गुवाहाटी के लिए निकले थे। पथरगामा थाना क्षेत्र के अमडीहा स्थित फोरलेन ओवरब्रिज पर चालक देव तिवारी को नींद आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पथरगामा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मृत युवती के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी काफी तेज रफ्तार में थी, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।

