एसडीएम के आदेश को ठेंगा दिखाने वालों पर‌ कार्रवाई, लगा जुर्माना

झारखंड
Spread the love

विश्वजीत कुमार रंजन

गढ़वा। गोविंद विद्यालय मैदान में व्यावसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग पर  प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसे लेकर बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने औचक जांच की।

जांच के दौरान मैदान में अवैध रूप से खड़े चार व्यवसायिक वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही, संबंधित वाहन मालिकों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। इन चार वाहनों में तीन सवारी बसें व एक कमांडर जीप शामिल थे।

एसडीएम ने बताया कि एक दिन पहले उन्होंने यहां के सभी वाहन चालकों से व्यक्तिगत जाकर अनुरोध किया था कि वे यहां वाहन खड़ा नहीं करेंगे। इसके बाद उन्होंने इस संदर्भ का आदेश भी जारी किया था। इसके बावजूद जो लोग अवैध पड़ाव कर रहे हैं, उनके  खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।

एसडीएम ने बताया कि आज जिन चार वाहनों को मौके पर उल्लंघन करते हुए पाया गया उन पर परिवहन विभाग के माध्यम से जुर्माना अधिरोपित किया गया है। इन सभी से “रॉन्ग पार्किंग” व अन्य प्रावधानों के तहत 9100 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

एसडीएम ने पुनः स्पष्ट किया कि गोविंद विद्यालय मैदान एक खेल का मैदान है। इसका उपयोग केवल खेल गतिविधियों के लिए ही किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग विशेष कर व्यावसायिक पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित है।

कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद एवं थाना प्रभारी सहित परिवहन विभाग के कर्मियों को अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी ने भी “नो पार्किंग” के आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने के लिए अपने कर्मियों को निर्देश दिया है।

इस जांच के दौरान एसडीएम के साथ नगर परिषद के नगर प्रबंधक, परिवहन विभाग के कर्मी एवं पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *