
आशीष कुमार वर्मा
चाईबासा। कांग्रेस पार्टी द्वारा संविधान बचाओ रैली का आयोजन शनिवार को किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। रैली का शुभारंभ दोपहर 12 बजे कांग्रेस भवन से हुआ, जो शहर के प्रमुख चौकों से होते हुए पुनः कांग्रेस कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा और संविधान से जुड़े नारे लिखी तख्तियां लेकर “जय बापू”, “जय भीम”, “जय संविधान”, “भारत देश का जो संविधान है, हर भारतवासी का अभिमान है” जैसे नारों के साथ जोशीले अंदाज़ में आगे बढ़े।
रैली के बाद कांग्रेस कार्यालय में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने की। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं प. सिंहभूम पर्यवेक्षक डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि केंद्र सरकार बाबा साहेब द्वारा बनाए गए संविधान को कमजोर करना चाहती है। लोकसभा चुनाव में भाजपा का ‘400 पार’ का नारा इसी मंशा का संकेत था, लेकिन जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं दिया। कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत है और राहुल गांधी के नेतृत्व में यह लड़ाई जारी रहेगी।
जगन्नाथपुर के विधायक सह उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने कहा कि “संविधान देश की आत्मा है, जिसमें सभी वर्गों को समान अधिकार दिए गए हैं। भाजपा इसे बदलने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस ऐसा हरगिज नहीं होने देगी।”
रैली के माध्यम से कांग्रेस ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि वह संविधान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी।
इस रैली और सभा में देवेन्द्र नाथ चांपिया, अम्बर राय चौधरी, सौरभ अग्रवाल, त्रिशानु राय, राजेश शुक्ला, जय प्रकाश महतो, सुरेश सावैयां, अशोक बारीक, दयामनी बरला समेत कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK