जमशेदपुर। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया है। जमशेदपुर पश्चिम सीट जेडीयू के खाते में गई है। जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा सीट से सरयू राय इस बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वह 24 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे।
बारीडीह स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित विजया मिलन समारोह में उन्होंने इसकी घोषणा की। इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में झारखंड में एनडीए गठबंधन की सरकार बनेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वह जमशेदपुर पूर्वी से ही चुनाव लड़ने के इच्छुक थे, लेकिन एनडीए के वरिष्ठ नेताओं का निर्णय उन्हें स्वीकार करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि संभावना यही है कि मुझे जमशेदपुर पश्चिम से चुनाव लड़ना पड़े। यदि सब कुछ ठीक रहा, तो 24 अक्टूबर को वे नामांकन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें पश्चिम में चुनाव लड़ना पड़ा, तो पूर्वी के कार्यकर्ताओं का भी पूरा सहयोग चाहिए।
सरयू राय ने सदस्यों के सामने अपने 5 साल के कार्यकाल का संक्षिप्त रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया।
कोरोना महामारी के बाद पिछले 3 साल में जितना काम उन्होंने किया, उतना काम तो बीते 30 वर्षों में भी नहीं हुआ। उनके ही कार्यकाल में टाटा ने सभी बस्तियों में पानी देना शुरू किया।