Jharkhand: एनडीए में हो गया सीटों का बंटवारा, भाजपा-68, आजसू 10, जानें जदयू और लोजपा कितनी सीटों पर लड़ेंगी चुनाव

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया। एनडीए में शामिल दलों ने आपस में सीटें बांट ली हैं। बंटवारे में भाजपा ने अपने पास 68 सीटें रखी हैं, जबकि अपनी सहयोगी आजसू को 10, जेडीयू को दो और चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोजपा (आर) को एक सीट दी है।

एनडीए में सीटों की मांग भाजपा के सभी सहयोगी दलों ने अधिक की रखी थी, लेकिन बड़े ही शालीन तरीके से टिकट का बंटवारा भी कर लिया। जेडीयू दर्जन भर सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी। आजसू भी डेढ़ दर्जन सीटों की मांग कर रही थी।

चिराग पासवान ने दर्जन भर सीटें मांगी थीं। जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाले हम की इच्छा भी झारखंड में चुनाव लड़ने की थी। भाजपा नेतृत्व ने सबको मना लिया। मांझी को भाजपा ने मना किया, तो आजसू और लोजपा (आर) के चिराग पासवान को भी समझा दिया।

भाजपा नेताओं की मानें तो सबसे बात हो गई है और उनकी रजामंदी भी मिल गई है। सीट बंटवारे की घोषणा में थोड़ा विलंब इसलिए हुआ कि चिराग पासवान विदेश दौरे पर थे। उनके लौटते ही घोषणा कर दी गई।

भाजपा ने 2019 में सभी 81 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा था। उसे सिर्फ 25 सीटों पर जीत मिली थी। आजसू ने सीट बंटवारे पर विवाद के कारण अलग चुनाव लड़ा। जेडीयू और लोजपा (आर) की चुनाव में मौजूद नहीं थी। आजसू को तकरीबन आठ प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि भाजपा ने सर्वाधिक 33 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। इस बार सबके साथ लड़ने से वोटों का बंटवारा रुक सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *