नयी दिल्ली (पीटीआई)। सोशल मीडिया पर एक न्यूज चैनल के एक्स (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट का स्क्रीनशॉट जमकर शेयर किया जा रहा है। इसे शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे है कि व्हाइट हाउस के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अनफॉलो कर दिया है। कथित पोस्ट को सच मानकर लोग बड़ी संख्या में पोस्ट को शेयर कर रहे हैं।
पीटीआई फैक्ट चेक की जांच में यह दावा गलत साबित हुआ। जांच में पता चला कि वायरल एक्स पोस्ट 2020 का है, जिसे यूजर्स अभी का बताकर शेयर कर रहे हैं। 2020 में व्हाइट हाउस के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने पीएम समेत कई लोगों को एक्स से अनफॉलो कर दिया था।
दावा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक यूजर ने 3 जनवरी, 2025 को एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “डंका बज बज के फटा जा रहा है” वायरल पोस्ट में पीएम मोदी और अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक तस्वीर जिस पर लिखा हुआ है, “बड़ी खबर: व्हाइट ने पीएम मोदी को किया अनफॉलो। तस्वीर के एक हिस्से में आज तक के एक्स पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी लगा हुआ है। पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

फेसबुक पर भी एक यूजर ने 2 जनवरी, 2024 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “पहले शपथ ग्रहण का न्योता नहीं भेज हलकान किया। मानो वह सदमा कम था.उसके बाद ट्यूटर पर से चलता कर दिया। आघात पर आघात.ऐसे में यदि हमारे विश्व गुरू अवसाद, आहत, अपमान और निराशा की स्थिति में अपने साथ कुछ अनहोनी कर बैठे, तो इसका जवाब देह ट्रम्प प्रशासन होगा। पहले बताये देता हूं।” पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पड़ताल
पीटीआई फैक्ट ने सबसे पहले व्हाइट हाउस के आधिकारिक एक्स अकाउंट की जांच की। पाया कि इस अकाउंट से केवल अमेरिकी प्रशासन से जुड़े अकाउंट्स को फॉलो किया गया है। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी इस समय एक्स अकाउंट से फॉलो नहीं किया गया है। एक्स का लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

दावे की पुष्टि के लिए डेस्क ने वायरल तस्वीर को गूगल लेंस के जरिए रिवर्स इमेज सर्च किया। जहां हमें आज तक न्यूज का एक एक्स पोस्ट मिला। 29 अप्रैल 2020 को आज तक ने एक पोस्ट किया था, जिसमें बताया था #WhiteHouse ने पीएम मोदी को किया अनफॉलो। पोस्ट का लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पोस्ट को देखने के बाद हमारी पड़ताल में ये स्पष्ट हो गया, यूजर्स 2020 के पोस्ट को अभी का बताकर शेयर कर रहे हैं।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया, जहां हमें ‘Lallantop’के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड हुआ मिला। चैनल पर 30 अप्रैल, 2020 को वीडियो अपलोड किया गया था। वीडिया का लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

जिसके शीषर्क में बताया गया,“PM Modi के Twitter Account को Follow करने के 19 दिन बाद White House ने Unfollow क्यों किया?” लल्लनटॉप की रिपोर्ट के अनुसार व्हाइट हाउस के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने पीएम समेत कई लोगों को एक्स (उस वक्त ट्विटर बोलते थे)पर 19 दिन के अंदर फॉलो से अनफॉलो कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार व्हाइट हाउस आमतौर पर केवल अपने प्रशासन से जुड़े लोगों को ही एक्स अकाउंट्स पर फॉलो करता है।
पड़ताल के अगले क्रम में हमें हिंदुस्तान की वेबसाइट पर 30 अप्रैल, 2020 की प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। इसमें बताया गया है कि व्हाइट हाउस केवल अपने प्रशासन से जुड़े एक्स अकाउंट ही फॉलो करता है। साथ ही, जब अमेरिकी राष्ट्रपति किसी देश की यात्रा पर जाते हैं, तो यात्रा के दौरान ये अकाउंट उस देश के शीर्ष नेताओं को फॉलो करता है और बाद में उन्हें अनफॉलो कर देता है। रिपोर्ट का लिंक स्क्रीनशॉट यहां देखें।

टाइम्स नाउ डिजिटल की हिंदी वेबसाइट पर 29 अप्रैल, 2020 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना वायरस के खिलाफ संघर्ष में अमेरिका ने भारत से हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन दवा की आपूर्ति की मांग की थी, जिसे भारतीय सरकार ने मंजूरी दी थी। उस समय, व्हाइट हाउस प्रधानमंत्री मोदी, प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रपति भवन के ट्विटर हैंडल को फॉलो कर रहा था, लेकिन बाद में सभी को अनफॉलो कर दिया गया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उस वक्त इस पर निराशा जताते हुए विदेश मंत्रालय से इस पर नोटिस लेने के लिए कहा था। रिपोर्ट का लिंक स्क्रीनशॉट यहां देखें।

हमारी पड़ताल में ये स्पष्ट हो गया, यूजर्स 2020 की खबर को अभी का बताकर गलत दावे के साथ शेयर कर रहे है।
यह कहानी मूल रूप से [पीटीआई] द्वारा प्रकाशित की गई थी { https://bhasha.ptinews.com/fact-detail/2163687} और इसे शक्ति कलेक्टिव के तहत [dainikbharat24.com] द्वारा पुनः प्रकाशित किया गया है।
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्य खबरें पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, x सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमसे इस लिंक से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/F5cUgceY6g88N3vxrwAvdX