Jharkhand: सनकी पति ने सो रही गर्भवती पत्नी और साली पर छिड़का पेट्रोल, लगा दी आग

अपराध झारखंड
Spread the love

गोड्डा। दिल दहला देने वाली खबर झारखंड के गोड्डा के पोड़ैयाहाट से आई है। थाना क्षेत्र के अमवार दिकवानी गांव में शनिवार की रात बगैर दरवाजे के कमरे में सो रही दो सगी बहनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गयी। इस घटना में गर्भवती महिला निशा देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी है। वहीं मृतका की छोटी बहन 16 वर्षीय पायल कुमारी की स्थिति नाजुक है। वह तकरीबन 70 प्रतिशत तक जल गयी है। पायल को गोड्डा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि बीती रात दोनों बहनें रूम में सोई हुई थीं। आरोप है कि तभी निशा के पति विकास बगवे ने दोनों बहनों पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगाकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी लोगों को तब मिली, जब दोनों बहनें चीखती-चिल्लाती बाहर निकलीं। आग की लपट इतनी तेज थी कि लोग रूम में घुसने में असमर्थ रहे। इसके बाद घटना की जानकारी दमकल विभाग के साथ पुलिस प्रशासन दी गयी।

दमकल विभाग की गाड़ी एवं पुलिस प्रशासन के आने के पहले की गर्भवती महिला की मौत जलकर घटनास्थल पर हो गयी। काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। पायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

घटना के संबंध में मृतका की मां रीना देवी ने अपने दामाद गोड्डा अमलो फसिया निवासी विकास बगवे पर आरोप लगाया है कि हर रोज वह रात में आया करता था। निशा को गाली गलौज के साथ मारपीट अभद्र भाषा का प्रयोग करता था। दूसरे लड़के के साथ संबंध रखने का भी आरोप लगाता था।

सास ने दामाद पर सोशल मीडिया पर बेटी का अश्लील फोटो एवं गलत-गलत पोस्ट करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि सात जनवरी से बेटी मायके में ही रह रही थी। जानकारी के अनुसार, मृतका की ढाई साल की एक लड़की है, जो बीते रात्रि अपनी नानी रीना देवी के साथ सोई थी।

विपिन कुमार यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए भेजा गया है। मृतका के पिता प्रफुल्ल कापरी के आवेदन पर पेट्रोल छिड़क कर जलाकर मार डालने का आरोप दामाद पर लगाया गया है। बताया कि पुलिस छानबीन में जुट गयी है।