यूपी के एक और शहर के नए नाम पर लगी मुहर, जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का नया नाम चंद्रनगर करने का एलान हो गया है। फिरोजाबाद नगर निगम में इस बाबत प्रस्ताव पारित किया गया है। इससे पहले अलीगढ़ का नाम बदलकर हरि गढ़ करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ था। 

सुहाग नगरी और चूड़ियों के लिए मशहूर फिरोजाबाद का नाम चंद्रनगर करने का प्रस्ताव गुरुवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में पारित किया गया। 2 साल पहले जिला पंचायत की बैठक में भी यह प्रस्ताव पारित हो चुका है।  नगर निगम की बैठक में 12 में कुल 11  कार्यकारिणी सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

कार्यकारिणी सदस्यों का कहना है कि फिरोजाबाद का नाम पहले चंद्रनगर ही था। लिहाजा नाम बदला नहीं गया है, बल्कि पहले रखे गए नाम को वापस सम्मान दिया गया है। बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव था कि फिरोजाबाद का नाम दोबारा चंद्रनगर कर दिया जाए।

लिहाजा, इसे अब मंजूरी दे दी गई है। नगर से पारित इस प्रस्ताव को अब अंतिम स्वीकृति के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार को भेजा जाएगा। सरकार से मंजूरी मिलते ही फिरोजाबाद का नाम चंद्रनगर हो जाएगा।

कहा जाता है कि फिरोजाबाद में राजा चंद्रसेन की रियासत थी। इसलिए इस जगह का नाम चंद्रनगर पड़ा।  मुगल शासन से पहले 1556 ईस्वी में फिरोजाबाद में राजा चंद्रसेन की यहां रियासत हुआ करती थी।

राजा चंद्रसेन महल में प्रजा की समस्या सुनने के साथ शहर में गोपनीय ढंग से घूमते हुए जनता के दुख दर्द को समझने  निकलते थे। राजा चंद्रसेन तेजतर्रार योद्धा भी थे।

उनकी लोकप्रियता के कारण ही ये चंद्रनगर कहलाया। मौजूदा वक्त में राजा चंद्रसेन का महल खंडहर में बन चुका है और वहां जंगल ही बचा है।