पूर्णिया में पूर्व जिला परिषद सदस्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी का घर कुर्क

देश बिहार
Spread the love

पूर्णिया। पूर्णिया के सरसी में पूर्व जिला परिषद सदस्य व कांग्रेस नेता विश्वजीत सिंह उर्फ रिंटू सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी आशीष सिंह उर्फ अठिया का घर पुलिस ने कुर्क कर लिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सरसी थानाध्यक्ष मसूद हैदरी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी के घर की कुर्की जब्ती की गई। कुर्की में मुख्य अभियुक्त अठिया के तीन घर की खिड़कियां, दरवाजे, फर्नीचर के सामान, पंखा, बाइक सहित घर के 40 सामान को कुर्क किया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्ती सूची बनाकर न्यायालय में समर्पित किया जाएगा। हत्याकांड का मुख्य आरोपी अब तक फरार है। विगत 15 नवंबर को ही आरोपी के घर पर 48 घंटे की मोहलत देते हुए इश्तेहार चस्पां किया गया था।

यह कार्रवाई सरसी, बनमनखी, जानकीनगर थाने की पुलिस की मौजूदगी में की गई। पूर्व जिला परिषद सदस्य रिंटू सिंह को सरसी थाना के नजदीक ही गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।