रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आने की होती रही घोषणा, उधर रेल थाने में गूंजते रहे शादी के मंत्र, जानिए पूरा मामला

बिहार देश
Spread the love

मुजफ्फरपुर। फेसबुक पर हुआ प्यार, तो अपने प्रेमी पुलिस जवान से शादी करने प्रेमिका यूपी से बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंच गई। आइए जानें पूरा मामला… दरअसल, उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली और लखनऊ में रहकर पढ़ाई करने वाली एक लड़की को बिहार के मुजफ्फरपुर में तैनात रेलवे पुलिस के सिपाही से फेसबुक के जरिए ही प्यार हो गया। बताया गया पहले इन दोनों की फेसबुक पर मुलाकात हुई और बातचीत शुरु हो गई। धीरे-धीरे ये सिलसिला प्यार में बदल गया और दोनों ने शादी करने का फैसला किया।

इसके बाद रेलवे में तैनात पुलिस जवान ने कुछ मजबूरी बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद लड़की यूपी से मुजफ्फरपुर रेल एसपी के कार्यालय में गुहार लगाने पहुंच गई। इसके बाद रेल एसपी डॉक्टर कुमार आशीष को पूरी बात बताई गई।

दोनों में सच्चे प्यार को देखते हुए रेल एसपी के आदेश पर दोनों की शादी रेल थाने में शुक्रवार की रात कराई गई। मंदिर और कोर्ट में भी दोनों की शादी पूरी विधि-विधान से करवाई गई।

प्रेमी जोड़े को जीवनसाथी बनाने के लिए रेल पुलिस के जवानों ने थाने को सजा दिया। वहीं पर पंडित को बुलाया गया। हवन कुंड की व्यवस्था की गई। उसके बाद दूल्हा और दुल्हन को वहां बुलाया गया। पंडित जी ने मंत्र पढ़े, उसके बाद शादी की रस्म अदा की गई।

इस दौरान रेल पुलिस के जवान और महिला जवान मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। इधर, रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आने की घोषणा होती रही। उधर, रेल थाने में शादी के मंत्र गूंजते रहे। इस शादी की पूरे शहर में चर्चा हो रही है। मौके पर स्थानीय मीडिया के लोग भी जमा हो गए। सभी ने रेल अधिकारियों से इस शादी के बारे में बातचीत की।